त्योहारी यात्राओं पर रेलवे का तोहफ़ा– राउंड ट्रिप टिकट पर 20% छूट, इस माह से उपलब्ध होगी यह सुविधा?

इस योजना का लाभ लेने के लिए यात्रियों को आने- जाने का टिकट एक ही समय, PNR में बुक करना होगा

219

इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ (मुकेश कुमार): इस साल त्योहारों में रेल सफ़र और भी किफायती होगा। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम लागू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत आने- जाने का टिकट एक साथ बुक करने पर बेस किराए में 20% की छूट मिलेगी। यह सुविधा 1 अक्टूबर से 15 नवंबर 2025 के बीच उपलब्ध रहेगी और फिलहाल इसे प्रयोगात्मक आधार पर शुरू किया जा रहा है।

कैसे मिलेगा फायदा..?

इस योजना का लाभ लेने के लिए यात्रियों को आने- जाने का टिकट एक ही समय पर, एक ही PNR में बुक करना होगा। आने की यात्रा 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच होनी चाहिए, जबकि वापसी 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच हो। वापसी टिकट के लिए अग्रिम आरक्षण अवधि लागू नहीं होगी, लेकिन वापसी की तिथि प्रस्थान से अधिकतम 30 दिन के भीतर होनी चाहिए।

किन ट्रेनों व श्रेणियों में लागू..!

यह छूट सभी मेल/एक्सप्रेस रिज़र्वेशन आधारित ट्रेनों (विशेष गाड़ियों सहित) में मान्य होगी। इसमें द्वितीय श्रेणी स्लीपर, एसी 3-टियर, एसी चेयर कार, एसी 2-टियर और प्रथम श्रेणी एसी के यात्री शामिल हैं।

किन पर लागू नहीं होगी

तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट, समूह रियायत, छात्र रियायत या अन्य किसी छूट के साथ यह योजना नहीं मिलेगी।

रेलवे की अपील

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के सीनियर DCM प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि यह योजना सीमित समय के लिए है और यात्रियों को चाहिए कि वे अग्रिम योजना बनाकर इस त्योहारी ऑफ़र का लाभ उठाएं।

Comments are closed.