LUCKNOW KGMU में मानवता शर्मसार, इंसान का कटा हाथ मुंह में लेकर घूमता रहा कुत्ता

तीमारदारों की शिकायत के बावजूद मूकदर्शक बने रहे अफसर

0 98

लखनऊ
राजधानी लखनऊ के KGMU में इंसानियत को तार-तार करने वाली घटना हुई है। यहां परिसर में शुक्रवार को एक कुत्ता इंसान का कटा हाथ मुंह में लेकर घूमता नजर आया। इसको देख तीमारदारों में दहशत घर कर गई। कई तीमारदारों ने अधिकारियों व कर्मचारियों से शिकायत की। इसके बावजूद किसी ने कुत्ते को भागने तक जहमत नहीं उठाई।
यह घटना दोपहर करीब दो बजे की है। अचानक एक कुत्ता मुंह में इंसान का कटा हाथ लेकर KGMU के शताब्दी फेज-दो में आ गया। इसे देखकर आस-पास खड़े लोगों में दहशत फैल गई। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई। कुत्ते को दौड़ाया। पहले तो कुत्ता कटे अंग छोड़कर भागा। इसके बाद लोगों ने अधिकारियों को सूचना दी लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद लोग वहां से हट गए। कुत्ता दोबारा फिर आया। कटे हाथ को लेकर भाग गया, जिसे बाद में नोचने लगा। इसके छोटे- छोटे हिस्से कई स्थानों पर फैल गए।
अस्पताली कचरे के निस्तारण पर KGMU प्रशासन हर साल करोड़ों रुपये फूंक रहा है। इसके लिए KGMU के वरिष्ठ डॉक्टर से लेकर कर्मचारियों की भारी भरकम फौज तैनात की है। इसके बावजूद कचरे का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। जगह-जगह कटे अंग, ऑपरेशन के बाद निकाली गई इंसानों की हड्डियां, ट्यूमर आदि खुले में पड़े रहते हैं। वहीं सिरिंज, ब्लड बैग, रूई-पट्टियां बिखरी रहती हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। यह मानवाधिकार का भी उल्लंघन है।
गुजरे छह माह से तो हालात और भी बदतर हो गए हैं। हॉस्पिटल वेस्ट मैनेजमेंट व अस्पताल प्रशासन विभाग पूरी तरह से सुस्त है। सुरक्षा कर्मियों की भूमिका भी लापरवाही भरी है। परिसर में आवारा जानवर घूम रहे हैं। इन्हें रोकने की जरूरत कोई नहीं समझ रहा है।
खुले में पड़े हाथ। उसके बाद कुत्ते के मुंह में कटा हाथ लेकर घूमने की दिल दहलाने वाली तस्वीरें लोगों ने खींचीं। फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। धीरे-धीरे बेहद दर्दनाक तस्वीरें सोशल मीडिया में फैल गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.