बिहार में तेजी से उभरेगा उद्योग, जानें क्या आया बदलाव
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार दिवस पर निवेशकों को मिला बड़ा संदेश
नई दिल्ली, 23 नवम्बर 2025:
बिहार सरकार की नई औद्योगिक निवेश नीति 2025 देश की सर्वश्रेष्ठ निवेश नीति है, जो निवेशकों को व्यापक प्रोत्साहन पैकेज, जीएसटी में आकर्षक छूट और कई तरह की उद्योग-हितैषी सुविधाएँ प्रदान करती है। रविवार को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF 2025) में बिहार दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान एमपीथिएटर-1 में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। बिहार से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर बिहार की सांस्कृतिक पहचान को शानदार तरीके से पेश किया।

इस मौके पर बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त, इनवेस्टमेंट कमिश्नर और बिआडा के एमडी कुंदन कुमार ने कहा कि यह समय बिहार में निवेश के लिए अत्यंत अनुकूल है और आने वाले वर्षों में बिहार उद्योग व शहरी विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
इस वर्ष पार्टनर स्टेट बिहार पवेलियन को मेले की थीम “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के अनुरूप शानदार रूप दिया गया है। पवेलियन की सजावट बिहार के लोक कलाकारों द्वारा तैयार की गई है, जिसमें सीतामढ़ी के प्रस्तावित सीतामाता मंदिर, पावापुरी मंदिर, महाबोधि मंदिर, राजगीर का विश्व शांति स्तूप और पटना मेट्रो के आकर्षक मॉडल शामिल हैं। केंद्रीय हॉल में बनाया गया बिहार संग्रहालय आगंतुकों के बीच सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है।
बिहार पवेलियन में हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, खादी, जीविका, बिआडा और पर्यटन विभाग के कुल 65 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें जीविका दीदी के स्टॉल, बिहार खादी बोर्ड, पर्यटन विभाग, सुधा डेयरी, आम्रपाली एम्पोरियम, कतरनी, स्वर्ण मंसूरी व सोनम चावल सहित बिहार के विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन-सह बिक्री की जा रही है। राज्य फूड कोर्ट में जीविका दीदी की “दीदी की रसोई” बिहार के पारंपरिक व्यंजनों से लोगों का दिल जीत रही है।
इस बार बिहार पवेलियन में खास तौर पर महिलाओं के योगदान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान ने पूरे मंडप को थीम के अनुरूप नायाब रूप दिया है, जो बिहार की कला, संस्कृति और उद्यमिता को एक साथ पेश करता है।
बिहार दिवस कार्यक्रम ने साफ संदेश दिया कि आने वाले वर्षों में बिहार उद्योग, निवेश, रोजगार और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ केंद्र बनेगा।
Comments are closed.