व्यापार मेले में शहनाज हुसैन का जलवा, ऑटोग्राफ लेने के लिए उमड़े प्रशंसक; नए फेशियल किट की लॉन्चिंग
पारंपरिक विज्ञापन माध्यमों का सहारा लिए बिना अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई
नई दिल्ली।
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में मशहूर सौंदर्य विशेषज्ञ और उद्यमी शहनाज हुसैन का स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। उनसे मिलने, बातचीत करने और ऑटोग्राफ लेने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर महिलाओं और युवाओं में उनके साथ तस्वीर खिंचवाने और सौंदर्य से जुड़े सुझाव लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भारत मंडपम में आयोजित व्यापार मेले के हॉल नंबर 14GF स्थित स्टॉल नंबर 14G-03-A पर 22 नवंबर को शहनाज हुसैन ने विशेष निःशुल्क सौंदर्य परामर्श सत्र आयोजित किया। दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने त्वचा की देखभाल और सौंदर्य संबंधी समस्याओं पर लोगों को विशेषज्ञ सलाह दी।
नया फेशियल किट भी किया लॉन्च
व्यापार मेले में शहनाज हुसैन के ब्रांड की नई सात चरणों वाली फेशियल किट भी लॉन्च की गई। इसे त्वचा की देखभाल के लिए पेशेवर अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। वहीं, मेले में आने वाले ग्राहकों के लिए विशेष पेशकश के तहत ब्रांड के सभी उत्पादों पर 25 फीसद तक की छूट दी जा रही है।
आयुर्वेद को बनाया वैश्विक पहचान का आधार
शहनाज हुसैन ने पारंपरिक विज्ञापन माध्यमों का सहारा लिए बिना अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उन्होंने भारत की प्राचीन आयुर्वेदिक परंपरा, जड़ी-बूटियों के गुणों और आधुनिक सौंदर्य विज्ञान को एक साथ जोड़कर अलग पहचान बनाई। उनके आयुर्वेद आधारित सौंदर्य उत्पादों और नवाचारों ने भारतीय सौंदर्य उद्योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में भूमिका निभाई है।
हार्वर्ड में भी अध्ययन का विषय बनी सफलता की कहानी
शहनाज हुसैन को न्यूयॉर्क की सक्सेस मैगजीन की ओर से ‘वर्ल्ड्स ग्रेटेस्ट वुमन एंटरप्रेन्योर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। दावा है कि पत्रिका के 105 वर्षों के इतिहास में यह सम्मान पाने वाली वह पहली महिला थीं। बिना पारंपरिक विज्ञापन के वैश्विक ब्रांड खड़ा करने की उनकी कारोबारी रणनीति हार्वर्ड में अध्ययन का विषय भी बनी।
शहनाज हुसैन की उद्यमशीलता की यात्रा भारतीय पारंपरिक ज्ञान, आयुर्वेद और आधुनिक कारोबार के मेल की मिसाल के तौर पर देखी जाती है। उनकी सफलता की कहानी देश-विदेश की महिला उद्यमियों को भी प्रेरित करती है।
Comments are closed.