रोबोटिक सर्जरी में बढ़ेगा भारत का दबदबा, अमेरिका को छोड़ेगा पीछे

2031 तक मिनिमली इनवेसिव हार्ट बाईपास सर्जरी में अमेरिका को पीछे छोड़ने का अनुमान, दिल्ली-एनसीआर बना देश का सबसे बड़ा केंद्र; 2025 में हुईं 1,800 रोबोटिक हृदय सर्जरी

5,066

नई दिल्ली, 19 नवंबर।

रोबोटिक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित हृदय सर्जरी के क्षेत्र में भारत तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि वर्ष 2031 तक भारत मिनिमली इनवेसिव कोरोनरी बाईपास सर्जरी के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है। इस दिशा में दिल्ली-एनसीआर देश के सबसे बड़े केंद्र के रूप में उभरा है। यहां 21 रोबोटिक कार्डियक सर्जरी सिस्टम उपलब्ध हैं और वर्ष 2025 में करीब 1,800 रोबोटिक हृदय सर्जरी की गईं। इस मामले में बेंगलुरु दूसरे स्थान पर है।

नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्डियक सर्जरी सम्मेलन में विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल से हृदय सर्जरी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ रहा है। भारत के पास अब ऐसी विशेषज्ञता और चिकित्सा सुविधाएं विकसित हो रही हैं, जिनके आधार पर वह वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत जगह बना सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्ष 2026 में देश में रोबोटिक कार्डियक प्रक्रियाओं की संख्या में करीब 40 फीसद वृद्धि होने का अनुमान है। वर्तमान में उपलब्ध रोबोटिक कार्डियक सर्जरी सिस्टम में लगभग 87 फीसद निजी और 13 फीसद सरकारी अस्पतालों में हैं। दिल्ली-एनसीआर में रोबोटिक प्रक्रियाओं में कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग (सीएबीजी) की हिस्सेदारी सबसे अधिक है।

छोटे चीरे से सर्जरी, जल्दी काम पर लौटेंगे मरीज

रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी का सबसे बड़ा फायदा मरीजों को तेजी से स्वस्थ होने के रूप में मिलता है। पारंपरिक हृदय सर्जरी में छाती की हड्डी खोलनी पड़ती है, जबकि रोबोटिक तकनीक से कई प्रक्रियाएं दो से तीन इंच के छोटे चीरे से की जा सकती हैं। इससे खून का नुकसान, ऑपरेशन के बाद दर्द और संक्रमण जैसी जटिलताओं का जोखिम कम हो सकता है। मरीज को आईसीयू और अस्पताल में भी कम समय बिताना पड़ता है।

पारंपरिक सर्जरी के बाद सामान्य कामकाज शुरू करने में करीब तीन महीने लग सकते हैं, जबकि मिनिमली इनवेसिव सर्जरी के बाद कई मरीज तीन सप्ताह से एक महीने में काम पर लौट सकते हैं। इससे मरीजों के कामकाज और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ने वाला असर भी कम होता है।

स्वदेशी रोबोट से बढ़ेगी उपलब्धता

पहले रोबोटिक सर्जरी के लिए मुख्य रूप से अमेरिकी कंपनी के रोबोट पर निर्भरता थी, जिनकी कीमत काफी अधिक थी। अब भारत में विकसित रोबोटिक प्रणालियां भी उपलब्ध हैं। इनमें गुड़गांव में भारतीय हृदय सर्जन के नेतृत्व में विकसित प्रणाली भी शामिल है। इसका इस्तेमाल हृदय सर्जरी में किया जा रहा है और इसका वितरण विदेशों में भी हो रहा है। इससे रोबोटिक तकनीक की उपलब्धता बढ़ने और सर्जरी की लागत कम करने में मदद मिल रही है।

टेलीरोबोटिक सर्जरी से बढ़ेंगी संभावनाएं

रोबोटिक सर्जरी में टेलीरोबोटिक तकनीक भी नई संभावनाएं खोल रही है। इसके तहत सर्जन एक स्थान पर रहकर दूसरे शहर या देश में मौजूद मरीज का ऑपरेशन कर सकता है। विशेषज्ञों ने भारत और यूरोप के बीच ऐसी सर्जरी के उदाहरण भी साझा किए। हालांकि, इसके लिए मजबूत तकनीकी ढांचे, सुरक्षित संपर्क व्यवस्था और प्रशिक्षित चिकित्सा दल की जरूरत होती है। एआई आधारित इमेजिंग, ऑपरेशन से पहले जोखिम का आकलन और सर्जिकल प्लानिंग भी इस तकनीक को अधिक प्रभावी बनाने में मदद कर रहे हैं।

भारत में वैश्विक केंद्र बनने की क्षमता : डॉ. युगल मिश्रा

एसएमआईसीटीएसआई 2026 की आयोजन समिति के अध्यक्ष और मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियक साइंसेज, नई दिल्ली के चेयरमैन डॉ. युगल के. मिश्रा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर उन्नत चिकित्सा ढांचे, रोबोटिक तकनीक को जल्दी अपनाने और अनुभवी सर्जिकल टीमों के कारण देश में अग्रणी केंद्र बना है। रोबोटिक प्रणाली सर्जनों को बेहतर त्रिआयामी दृश्य, उपकरणों पर अधिक नियंत्रण और सटीकता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि एआई और डिजिटल तकनीकें सर्जरी से पहले की जांच, इमेजिंग और उपचार की योजना को बेहतर बना रही हैं। इन आधुनिक सुविधाओं को अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाना जरूरी है।

युवा सर्जनों के प्रशिक्षण पर जोर : डॉ. रजनीश मल्होत्रा

एसएमआईसीटीएसआई 2026 की आयोजन समिति के सचिव और मैक्स हेल्थकेयर, दिल्ली में कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के वाइस चेयरमैन और प्रमुख डॉ. रजनीश मल्होत्रा ने कहा कि भारत में उन्नत चिकित्सा विशेषज्ञता, बढ़ता तकनीकी ढांचा और मरीजों की बड़ी संख्या मौजूद है। देश रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी का प्रमुख वैश्विक केंद्र बन सकता है। सम्मेलन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के अनुभव साझा करने, तकनीकी प्रगति पर चर्चा करने और युवा हृदय सर्जनों के प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे सुरक्षित, प्रभावी और किफायती मिनिमली इनवेसिव सर्जरी को बढ़ावा मिलेगा।

20 से 22 नवंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

सोसाइटी ऑफ मिनिमली इनवेसिव कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जन्स ऑफ इंडिया (एसएमआईसीटीएसआई) का दसवां वार्षिक सम्मेलन एसोसिएशन ऑफ थोरेसिक एंड कार्डियोवैस्कुलर सर्जन्स ऑफ एशिया की 34वीं वार्षिक कांग्रेस के साथ आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि में होगा। इसमें 30 से अधिक देशों के 300 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों सहित करीब 1,200 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में इंटरनेशनल कोरोनरी कांग्रेस और इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर मिनिमली इनवेसिव कार्डियोथोरेसिक सर्जरी की कार्यशाला भी होगी।

Comments are closed.