युवाओं को आर्थिक स्वावलंबी बनाकर रोजगार के अवसर बढ़ाएगा सहकार भारती

गोल मार्केट में दिल्ली राजधानी कार्यालय का उद्घाटन, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय जोशी ने कहा, आर्थिक आत्मनिर्भरता से देश के विकास को मिलेगी गति

5,009

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।

सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय जोशी ने कहा कि युवाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। व्यक्ति, परिवार और समाज को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना देश के विकास के लिए जरूरी है। सहकार भारती इसी दिशा में काम कर रहा है। दिल्ली में संगठन का नया कार्यालय शुरू होने से इन गतिविधियों को गति मिलेगी।

जोशी शनिवार को गोल मार्केट स्थित सहकार भारती के दिल्ली राजधानी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। नया कार्यालय संगठन के आदर्शों, संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपोर, पूर्व एमडी डॉ. उमाशंकर अवस्थी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रांत के सह-प्रांत कार्यवाह उत्तम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने अपने संबोधन में संगठन के उद्देश्यों और सहकारिता के महत्व पर विचार रखे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री शिव शंकर और प्रदेश मंत्री अतुल जैन के योगदान की भी सराहना की गई। कार्यालय के निर्माण और उसे तैयार करने में दोनों पदाधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम में नेपकॉफ के चेयरमैन इकबाल सिंह के अलावा सहकार भारती के दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अवधेश त्यागी, सुनील खत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुई। इसके बाद सत्यनारायण भगवान की कथा आयोजित की गई। अतिथियों के संबोधन और वरिष्ठजनों के आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।

नए कार्यालय को दिल्ली में सहकार भारती की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने, सहकारिता के विचार का विस्तार करने और सहकारी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का समापन सहकारिता के माध्यम से समाज के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के संकल्प के साथ हुआ।

 

Comments are closed.