IMA लखनऊ के वार्षिक समारोह में 90 चिकित्सक सम्मानित, 8 को मिले विशेष पुरस्कार

मुख्य अतिथि के रूप में केशव प्रसाद मौर्य हुए शामिल

12

Lucknow: रिवर बैंक कॉलोनी स्थित IMA सभागार में शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन लखनऊ शाखा का वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और विशिष्ट अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक एवं IMA लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा मौजूद रहे।

जनरल बॉडी मीटिंग से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत जनरल बॉडी मीटिंग से हुई। इसके बाद चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने पेश किया सालभर का लेखा-जोखा

IMA लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस सत्र में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों, विशेषज्ञ व्याख्यानों और कार्यशालाओं के जरिए चिकित्सकों के ज्ञान और कौशल संवर्धन पर ध्यान दिया गया। ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर, कैंसर जागरूकता, सीपीआर प्रशिक्षण, रक्तदान और सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से समाज तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया।

तृतीय स्टेट वर्किंग कमेटी बैठक इस सत्र की प्रमुख उपलब्धि

उन्होंने बताया कि 22-23 अगस्त 2026 को लखनऊ में IMA उत्तर प्रदेश की तृतीय स्टेट वर्किंग कमेटी बैठक का आयोजन इस सत्र की प्रमुख उपलब्धि रही। चिकित्सकों के स्वास्थ्य और आपसी मेलजोल के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं और IMA भवन में जिम की स्थापना भी की गई। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना और पूरी कार्यकारिणी को दिया।

डिप्टी सीएम और विधायक ने की सराहना

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संवेदनशील और समर्पित चिकित्सा सेवा स्वस्थ समाज का आधार है। जनस्वास्थ्य जागरूकता में चिकित्सक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

डॉ. नीरज बोरा ने IMA लखनऊ की शैक्षणिक, सामाजिक और सदस्य कल्याण गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकों की एकजुटता और समाज के प्रति संवेदनशीलता ही संगठन की ताकत है।

इन 8 चिकित्सकों को मिले विशेष पुरस्कार

1. डॉ. अर्चिका गुप्ता: डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल
2. डॉ. नीरज टंडन: श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड (कैंसर क्षेत्र)
3. डॉ. राकेश श्रीवास्तव: प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड
4. डॉ. संजय श्रीवास्तव: डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड

5. डॉ. सीमा मेहरोत्रा: डॉ. (श्रीमती) पी. के. मिश्रा एवं डॉ. एन. सी. मिश्रा आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड
6. डॉ. शिप्रा नाथ: नीरा नर्सिंग होम बेस्ट IMA मेंबर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
7. डॉ. सुधा सिंह: डॉ. एच. सी. रॉय पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर अवॉर्ड
8. डॉ. वंदना सोलंकी: त्रिवेणी देवी राम सहाय मेमोरियल बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड

सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया

सम्मान समारोह के बाद चिकित्सकों ने गीत, नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। डांडिया और गरबा में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में लगभग 250 चिकित्सकों और उनके परिजनों ने शिरकत की।

अध्यक्ष ने अतिथियों और सभी सदस्यों का जताया आभार 

अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि वार्षिक समारोह चिकित्सक परिवार को एक साथ लाने और संबंध मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने अतिथियों और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Comments are closed.