नजफगढ़ में CNG भरवाने के दौरान ट्रक के सिलेंडर में धमाका, 4 घायल, पार्षद अमित खरखड़ी बोलें- घटना दुर्भाग्यपूर्ण
हादसे में चार घायल, इनमें से 2 की हालत गंभीर
New Delhi: दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र के मित्राऊं रोड स्थित एक CNG स्टेशन पर गैस भरवाने के दौरान ट्रक के सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, हादसे में चार लोग घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना से क्षेत्र में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगम पार्षद अमित खरखड़ी ने पहुंचकर मौके पर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निगम पार्षद अमित खरखड़ी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित किया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
घायलों और उनके परिजनों से भी मिले पार्षद श्री खरखड़ी
इसके बाद पार्षद श्री खरखड़ी राव तुला राम अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण- पार्षद अमित खरखड़ी
इस अवसर पर पार्षद अमित खरखड़ी ने कहा कि “इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। हमारी प्राथमिकता है कि सभी घायलों को शीघ्र स्वस्थ किया जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए। प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है।” पार्षद श्री खरखड़ी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र की सांसद कमलजीत सहरावत ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और संबंधित विभागों को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
दोषियों के खिलाफ सुनिश्चित होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घटना के कारणों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
मानकों के अनुरूप फिट नहीं थी CNG किट
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस ट्रक में CNG भरी जा रही थी, उसमें CNG किट मानकों के अनुरूप फिट नहीं थी। विशेषज्ञों के अनुसार यह एक गंभीर लापरवाही हो सकती है, जो इस हादसे का मुख्य कारण बनी। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना के बाद संबंधित विभागों एवं एजेंसियों द्वारा जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वाहनों में केवल प्रमाणित एवं मानक के अनुरूप CNG किट का ही उपयोग करने की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में केवल प्रमाणित एवं मानक के अनुरूप CNG किट का ही उपयोग करें। साथ ही, समय-समय पर अपने वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य कराएं, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके। यह घटना एक बार फिर सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएंगे।
Comments are closed.