ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, मौत से जंग लड़ रहा पनीर सप्लायर
ईंट लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, हिरासत में चालक
Lucknow: (संवाददाता) लखनऊ के BBD में जुग्गौर गांव के पास सतरिख रोड पर शनिवार देर रात ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली के जोरदार टक्कर से बाइक सवार पनीर सप्लायर आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आशीष को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ICU में वह जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, आशीष की हालत नाजुक बनी हुई है।
लखनऊ से पनीर की सप्लाई कर वापस लौट रहा था आशीष
इधर, पुलिस ने ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों के मुताबिक, आशीष देर रात लखनऊ से पनीर की सप्लाई कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाराबंकी की ओर से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशीष सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया और उसकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा पीड़ित परिजन
वहीं, आशीष के परिजनों का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।हालांकि, अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस हादसे के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़कों पर लगातार भारी वाहन तेज रफ्तार में नियमों की अनदेखी करते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन से क्षेत्र में यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की गई है।
Comments are closed.