झांसी में पकड़ा गया फर्जी TTE, लखनऊ मंडल की टीम ने दबोचा, DRM ने की सराहना
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर बरती जा रही सतर्कता
Lucknow: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की चेकिंग टीम ने झांसी स्टेशन पर सीतापुर जंक्शन- मुम्बई लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में फर्जी TTE को रंगेहाथ पकड़ा। आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उसे GRP के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए DRM ने टीम की प्रशंसा की है।
झांसी स्टेशन पर हुई यह सराहनीय कार्रवाई

सीनियर DCM कुलदीप तिवारी के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को (गाड़ी संख्या 12108) सीतापुर जंक्शन– मुम्बई लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में झांसी स्टेशन पर यह सराहनीय कार्रवाई की गई। टिकट चेकिंग टीम के सदस्य TTE जितेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र यादव तथा दिलीप शर्मा ड्यूटी पर थे।
यात्रियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था संदिग्ध
इसी दौरान उस संदिग्ध व्यक्ति को TTE बनकर यात्रियों को गुमराह करने का प्रयास करते हुए देखा। जो खुद को कानपुर सेंट्रल स्टेशन का चेकिंग स्टाफ बता रहा था। संदेह होने पर टीम ने तत्काल उसके पहचान-पत्र एवं दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह फर्जी निकला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया गया तथा आगे की विधिक कार्यवाही के लिए उसे GRP के सुपुर्द कर दिया गया।
सराहनीय कार्य के लिए DRM ने की टिकट चेकिंग टीम की प्रशंसा
श्री तिवारी ने बताया कि इस सराहनीय कार्य पर मंडल के DRM ने टिकट चेकिंग टीम की तत्परता एवं सतर्कता की प्रशंसा की। DRM ने कहा कि- “यात्रियों की सुरक्षा एवं विश्वास हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार की सतर्कता से न केवल अपराधों पर अंकुश लगता है, बल्कि यात्रियों में सुरक्षा की भावना भी सुदृढ़ होती है। जितेन्द्र सिंह द्वारा दिखाई गई सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है। लखनऊ मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।”
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
कुलदीप तिवारी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे स्टाफ या RPF/GRP जीआरपी को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Comments are closed.