Bharat Bandh को AIPF ने दिया समर्थन, दारापुरी बोलें-मजदूरों को आधुनिक गुलामी की तरफ धकेल रही मोदी सरकार
विरोध कार्यक्रम में शामिल होंगे AIPF कार्यकर्ता
Lucknow: ट्रेड यूनियनों और किसानों के 12 फरवरी को भारत बंद के फैसलों का ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (AIPF) ने समर्थन किया है। संगठन की राष्ट्रीय कार्य समिति की तरफ से जारी बयान में राष्ट्रीय अध्यक्ष S.R. दारापुरी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है।
काम के घंटे 8 के अधिकार को छीनकर 12 घंटे कर दिया
श्री दारापुरी ने बयान में बताया कि मोदी सरकार मजदूरों को आधुनिक गुलामी की ओर ले जा रही है। 200 वर्षों के संघर्षों से हासिल काम के घंटे 8 के अधिकार को छीनकर 12 घंटे कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि फ्लोर लेवल वेज लाकर न्यूनतम मजदूरी से भी कम दर पर मजदूरी दर लेबर कोड में तय की गई है और फिक्सड टर्म इम्प्लॉयमेंट के जरिए जो सामाजिक सुरक्षा मजदूरों को हासिल थी, वह भी उनसे छीन ली गई है।
मजदूरों का सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जाए
उन्होंने कहा कि मजदूरों का सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जाए, यह मांग इस राष्ट्रीय हड़ताल में उठाई गई है। उन्होंने बताया कि भारत-अमेरिकी व्यापार समझौते में जो बातें निकल कर आ रही हैं, उससे यह स्पष्ट है कि भारत के कृषक, पशुपालक समुदाय और भारतीय उद्योगों को बड़ा नुकसान होने जा रहा है। इस ट्रेड डील से किसान तबाह हो जाएंगे और व्यापार बर्बाद होगा। इसलिए ट्रेड डील को संसद के पटल पर रखने की जो मांग की जा रही है, AIPF उसके साथ है। उन्होंने बताया कि AIPF की सभी इकाइयां देश भर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल रहेंगी।
AIPF की क्या है मांग?
29 श्रम कानूनों को खत्म कर बनाए गए मजदूर विरोधी 4 लेबर कोड को वापस लेने, रोजगार के अधिकार के लिए कानून बनाने, किसान हितों के विरुद्ध किए गए भारत-अमेरिका समझौते को संसद के पटल पर रखने, सम्मानजनक वेतन और पक्की नौकरी देने, हर नागरिक के गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने जैसे सवालों पर 12 फरवरी को आयोजित हो रही अखिल भारतीय हड़ताल का ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने समर्थन किया है।
Comments are closed.