UP पंचायत चुनाव: RLD की जिला स्तरीय समिति तय करेगी पार्टी प्रत्याशियों के नाम

प्रत्येक जिला अध्यक्ष अपने जनपद में पाँच सदस्यीय समिति का करेंगे गठन

80

Lucknow: उत्तर प्रदेश में सम्भावित पंचायत चुनाव के लिए राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की जिला स्तरीय समिति पार्टी प्रत्याशियों के नाम तय करेगी। प्रदेश में सम्भावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई, जिसका संयोजन पंचायत चुनाव संयोजक डॉ. कुलदीप उज्जवल ने किया।

जिला अध्यक्ष अपने जनपद में पाँच सदस्यीय समिति का करेंगे गठन

Lucknow
Lucknow

इस दौरान तय किया गया कि प्रत्येक जिला अध्यक्ष अपने जिले में पाँच सदस्यीय समिति का गठन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी निष्पक्ष, कर्मठ और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवारों के चयन करने की होगी। बैठक में बताया गया कि संगठन का लक्ष्य प्रत्येक गांव में वहां के हर मतदाता तक पहुंचना और हर पंचायत को रालोद के विचारों का केंद्र बनाना है।

स्थानीय निकाय चुनाव लोकतंत्र की जड़ों को मज़बूत करने का भी माध्यम

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे तथा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल समेत प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी आदि मौजूद थे। डॉ. कुलदीप उज्जवल ने कहा कि “त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं बल्कि यह लोकतंत्र की जड़ों को मज़बूत करने का माध्यम है। यह चुनाव उस भारत की आत्मा को स्वर देता है जो गांवों में बसती है। पंचायत स्तर पर सत्ता का विकेन्द्रीकरण ही सच्चे लोकतंत्र की नींव है। जब गांव सशक्त होंगे तभी प्रदेश और देश मज़बूत होगा।”

पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव का मिनी संस्करण

उन्होंने आगे कहा कि “यह चुनाव एक प्रकार से विधानसभा चुनाव का मिनी संस्करण होता है, जो जनता की नब्ज़ को समझने का सबसे बड़ा माध्यम है। पंचायत चुनावों में जीत केवल सत्ता का प्रश्न नहीं, बल्कि विचारों की स्वीकृति का प्रतीक है। रालोद का उद्देश्य केवल सीटें जीतना नहीं, बल्कि गांव-गांव में न्याय, समानता और विकास की भावना को पहुंचाना है।”

RLD हमेशा बना किसानों, नौजवानों और ग्रामीण जनता की आवाज़

डाॅ. उज्जवल ने कहा कि “राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, नौजवानों और ग्रामीण जनता की आवाज़ बना है। आज समय की मांग है कि गांवों में स्वच्छ राजनीति की नींव रखी जाए। हम ऐसे प्रत्याशी उतारेंगे जो जनसेवा को राजनीति का आधार मानते हों, जिनका चरित्र पारदर्शी हो और जो गांव के हर वर्ग के बीच सम्मान प्राप्त करते हों। रालोद इस भूमिका को पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाएगा ताकि पंचायतें सच में जनता की सरकार बन सकें।”

पंचायत चुनाव की रणनीति को लेकर प्रदेशभर में मण्डलवार बैठकों का कार्यक्रम तय

उन्होंने बताया कि “रालोद ने पंचायत चुनाव की रणनीति को लेकर प्रदेशभर में मण्डलवार बैठकों का कार्यक्रम तय किया है। पहली तैयारी बैठक 30 अगस्त को लखनऊ में सम्पन्न हुई थी। इसके बाद हस्तिनापुर क्षेत्र की बैठक मेरठ में तथा रूहेलखण्ड क्षेत्र की बैठक मुरादाबाद में की जा चुकी है। आज अवध क्षेत्र की बैठक लखनऊ में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती, उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।”

हमारी राजनीति सत्ता नहीं, सेवा पर है आधारित

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने में कहा कि “राष्ट्रीय लोकदल किसानों, मजदूरों और नौजवानों की आवाज़ है। हमारी राजनीति सत्ता नहीं, सेवा पर आधारित है। पंचायत चुनाव संगठन के लिए परीक्षा का अवसर है जहाँ हर कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी होगी। रालोद का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर गांव-गांव में पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को समझाए, यही सच्ची राजनीति है।”

केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने गांव और किसान को किया उपेक्षित

उन्होंने कहा कि “केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने गांव और किसान को उपेक्षित किया है। आज जरूरत इस बात की है कि रालोद का हर कार्यकर्ता गांवों में जाकर जनता के मुद्दों को उठाए और एक नई राजनीतिक चेतना जगाए। पंचायत चुनावों में रालोद पूरी तैयारी, एकता और संकल्प के साथ मैदान में उतरेगा।”

पंचायत चुनावों की दिशा तय करने में ऐतिहासिक साबित होगी यह बैठक

इस अवसर पर मयंक त्रिवेदी ने बताया कि यह बैठक पंचायत चुनावों की दिशा तय करने में ऐतिहासिक साबित होगी। पार्टी अब गांव-गांव और हर बूथ स्तर तक पहुंच बना कर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार कर रही है ताकि रालोद जनता के मुद्दों को लेकर सशक्त विकल्प के रूप में उभर सके।

मुख्य रूप से पंचायत चुनाव समिति के सदस्य बैठक में हुए शामिल

Lucknow
Lucknow

बैठक में मुख्य रूप से पंचायत चुनाव समिति के सदस्य हवलदार यादव, विकास कादियान, मोहम्मद जैद और रोहित प्रताप के साथ ही अवध क्षेत्र के सभी जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ये पदाधिकारी भी रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, अफसर अली, प्रमोद शुक्ला, सत्य प्रकाश तिवारी, बलराम यादव, शत्रोहन तिवारी, बेलाल अहमद, अखिलेश वर्मा, रामदास दीक्षित, सुभाष यादव, राजेश कुमार तिवारी, अमरेंद्र सोनी, मोइनुद्दीन आदि पदाधिकारी शामिल रहे।

Comments are closed.