मुलायम सिंह की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि: अखिलेश बोलें- ‘नेताजी’ ने राजनीति और समाज को दिशा देने का काम किया
विरोधी दल के नेता माता प्रसाद पाण्डेय, शिवपाल सिंह यादव आदि ने भी दी श्रद्धांजलि
लखनऊ, संवाददाता।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के सभी जिला व महानगर मुख्यालयों समेत देश भर में पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य कार्यक्रम सैफई में समाधिस्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति के बड़े-बड़े उतार-चढ़ाव में ‘नेताजी’ ने देश की राजनीति और समाज को दिशा देने का काम किया। ‘नेताजी’ ने सैफई की धरती से संघर्ष करके राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाई और धरती पुत्र के नाम से जाने गये।
उन्होंने कहा कि ‘नेताजी’ ने राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक चेतना जगाने के लिए देश में लोगों को समाजवादी विचारधारा से जोडऩे का जो रास्ता दिखाया था उसी रास्ते पर समाजवादी पार्टी चल रही है। आज हम लोग संकल्प लेते हैं कि समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों को और आगे बढ़ाते हुए लोगों के जीवन में बदलाव लाएंगे।
अखिलेश यादव के साथ विरोधी दल के नेता माता प्रसाद पाण्डेय, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेताजी के भाई अभय राम यादव, पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन, मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव, अदिति, अर्जुन, आजमगढ़ से सांसद धर्मेन्द्र यादव, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, फिरोजाबाद से सांसद अक्षय यादव, बदायूं से सांसद आदित्य यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव आदि नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
Related Posts

