‘योगी जी पुलिस ने हिन्दू राष्ट्र निर्माण यात्रा को बीच रास्ते में क्यों रोका?’, अखण्ड आर्यावर्त महासभा में आक्रोश
यात्रा की अनुमति को लेकर प्रशासन पर दिग्भ्रमित करने का आरोप
Lucknow: लखनऊ में भगवान श्रीराम जन्मभूमि में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हिन्दू राष्ट्र निर्माण यात्रा को बीच रास्ते में रोके जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इससे अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा में भारी आक्रोश है। महासभा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सम्बंधित पुलिस अधिकारियों पर दिग्भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके लिए संगठन की ओर से सीएम योगी को पत्र भी भेजा गया है।
यात्रा को रोके जाने के बारे में मुख्यमंत्री से मांगा जवाब
पत्र में त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री से यात्रा को रोके जाने के बारे में उनसे जवाब भी मांगा है। पूछा है कि आखिर ऐन वक्त पर यात्रा को अनुमति क्यों नहीं दी गयी, जबकि करीब बीस दिन पहले से ही संगठन ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। जिस पर कोई निर्णय न देकर संगठन को यात्रा निकाले जाने को लेकर अंधेरे में रखा।
यात्रा को लेकर दो माह से चल रही थी तैयारी
संगठन पिछले 2 महीने से ही हिन्दू राष्ट्र निर्माण यात्रा को लेकर तैयारी कर रहा था। इसी क्रम में कुर्सी रोड स्थित संगठन के मुख्यालय से BJP के MLC पवन सिंह चौहान ने भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया था, जिसे हनुमान सेतु पहुंचकर समाप्त होनी थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने बीच रास्ते में यात्रा को तितर- बितर कर गुलाचीन मन्दिर से आगे बढ़ने नहीं दिया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने कहा है कि यदि यात्रा को लेकर प्रशासन को अनुमति नहीं देनी थी तो पहले ही लिखित में बता देते, तो अनावश्वयक प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कार्यकर्ता को न बुलाया जाता।
प्रशासन ने जानबूझकर अंधेरे में रखा
श्री त्रिवेदी ने साफ कहा कि प्रशासन ने जानबूझकर संगठन को यात्रा निकाले जाने संबंधी अनुमति को लेकर अंधेरे में रखा। जिससे संगठन के कार्यकर्ताओं का काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ। ऐसी स्थिति में संगठन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यात्रा को रोके जाने के कारणों को स्पष्ट करने की मांग की है।
Comments are closed.