RLD का अधिवेशन: मथुरा में होगा नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान-त्रिलोक त्यागी

इस ऐतिहासिक अधिवेशन में देशभर से सभी प्रतिनिधि होंगे शामिल

116

Lucknow: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का अधिवेशन 16 नवम्बर को मथुरा में आयोजित होगा। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की जाएगी। इस ऐतिहासिक अधिवेशन में देशभर से सभी प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह जानकारी RLD के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने दी।

अम्बेडकर जयंती पर शुरू किया गया था सदस्यता अभियान

श्री त्यागी ने बताया कि 14 अप्रैल 2025 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू किया गया था, जो 31 अक्टूबर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तक चला। यह अभियान पार्टी के इतिहास में सबसे व्यापक और सफल रहा, जिसके माध्यम से लाखों नए कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय लोकदल से जुड़कर किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों की आवाज़ को और मजबूत किया।

अधिवेशन में की जाएगी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा

राष्ट्रीय महासचिव श्री त्यागी ने बताया कि इस अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा की जाएगी। अधिवेशन का उद्देश्य संगठन को और सशक्त बनाना, पार्टी की भावी रणनीति पर विमर्श करना तथा आगामी राजनीतिक दिशा तय करना है।
श्री त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सदैव चौधरी चरण सिंह के विचारों और सिद्धांतों पर चलते हुए किसानों, गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। आज जब देश सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, ऐसे में पार्टी का यह राष्ट्रीय अधिवेशन न केवल संगठनात्मक एकता का प्रतीक होगा बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक अवसर भी सिद्ध होगा।

देशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में होंगे शामिल

उन्होंने कहा कि अधिवेशन में देशभर के सभी राज्यों से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। अधिवेशन के दौरान संगठन विस्तार, नीति निर्धारण, तथा किसान एवं युवा केंद्रित कार्यक्रमों पर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। श्री त्यागी ने उम्मीद जताई है कि राष्ट्रीय लोकदल का यह अधिवेशन मथुरा की पवित्र भूमि से पार्टी की नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता का संदेश पूरे देश में प्रसारित करेगा। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने दी।

Comments are closed.