UP: नियमित नियुक्तियों में NHM के अनुभवी कर्मियों को वरीयता देने की मांग
वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था को भी सुनिश्चित कराने का अनुरोध
Lucknow: यूपी की स्वास्थ्य विभाग की नियमित नियुक्तियों में NHM के अनुभवी संविदा कर्मियों को वरीयता देने की मांग की गई है। साथ ही व्यवस्थित एवं समयबद्ध वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था को भी सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया है।
मिशन निदेशक से संविदा कर्मियों से जुड़े प्रमुख सेवा-हित विषयों पर विस्तृत चर्चा

संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मण्डल ने शुक्रवार को मिशन निदेशक से शिष्टाचार मुलाकात कर NHM के सुचारु संचालन एवं संविदा कर्मियों से जुड़े प्रमुख सेवा-हित विषयों पर विस्तृत चर्चा की। संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि बैठक में आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं में कार्मिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर विचार- विमर्श हुआ।
वेतन भुगतान में हो रही देरी पर विशेष रूप से चर्चा
इसके साथ ही वेतन भुगतान में हो रही देरी पर विशेष रूप से चर्चा हुई। व्यवस्थित एवं समयबद्ध वेतन भुगतान की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने तथा नियमित नियुक्तियों में NHM के अनुभवी संविदा कार्मिकों को वरीयता दिए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्रमुख रूप से इन निम्न बिंदुओं पर हुई चर्चा
अर्जित/प्रतिकार अवकाश की सुविधा, राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व, प्रतिवर्ष अनुबंध प्रणाली के स्थान पर दीर्घकालिक अनुबंध, EPF/ग्रेच्युटी/स्वास्थ्य बीमा, स्थानांतरण सूची, NHM को स्थायी राज्य-आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य ढाँचे में विकसित करने तथा संविदा कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु गठित जिला/राज्य स्तरीय समितियों में कर्मचारी संगठन प्रतिनिधि को शामिल किए जाने का अनुरोध किया गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था में भी सुधार के आने लगेंगे बेहतर परिणाम
संघ ने विश्वास जताया कि इन विषयों पर सकारात्मक निर्णय होने से कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य व्यवस्था में भी सुधार के परिणाम क्रमशः दिखाई देंगे।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहें शामिल
प्रतिनिधि मण्डल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता, प्रदेश महामंत्री योगेश कुमार उपाध्याय, प्रदेश टीम से सुरेन्द्र पाल, हरिओम सिंह, डॉ. अनुज सिंह, डॉ.अभयानंद, डॉ. पीयूष यादव शामिल रहे।
Comments are closed.