UP NHM: होली से पहले मिले फरवरी का वेतन, दो माह के बकाया को भी तत्काल देने की मांग

अब तक पिछले साल 2025 के दिसम्बर व इस वर्ष के जनवरी माह का नहीं मिला वेतन

191

Lucknow: यूपी में NHM के तहत संविदा पर तैनात कर्मचारियों को अब तक पिछले साल 2025 के दिसम्बर व इस वर्ष के जनवरी माह का वेतन नहीं मिला है। आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों ने दोनों माह का वेतन तत्काल जारी करने का अनुरोध किया है। साथ ही होली से पहले ही फरवरी का वेतन भी देने की बात कही गई है।

भविष्य में व्यवस्थित एवं समयबद्ध वेतन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग

यह मांग संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के महामंत्री योगेश उपाध्याय ने की है। योगेश ने मिशन निदेशक को पत्र लिखा है। भविष्य में व्यवस्थित एवं समयबद्ध वेतन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई है। योगेश उपाध्याय ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी बीते कई माह से वेतन भुगतान में हो रहे लगातार विलम्ब के कारण गंभीर आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं। ये कर्मी पूर्णतः अपने महीने के वेतन पर निर्भर रहते हैं।इससे उनके परिवार का जीवन यापन भी प्रभावित हो रहा है।

अब तक अधिकांश जनपदों में नहीं मिला वेतन 

योगेश ने पत्र में कहा कि बताया जा रहा है कि दिसम्बर एवं जनवरी का वेतन भुगतान प्रक्रिया में है। अब तक अधिकांश जनपदों में यह वेतन नहीं मिल पाया है। संगठन की ओर से तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

संगठन की ओर से मिशन निदेशक को इन बिंदुओं से अवगत कराया गया है-

1. जिन जनपदों के पास बजट लिमिट उपलब्ध नहीं है, उन्हें 20 फ़रवरी 2026 से पूर्व बजट लिमिट समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि भुगतान में कोई बाधा न हो।

2. सभी जनपदों को निर्देशित किया जाए कि वे 22 फ़रवरी 2026 तक सभी औपचारिकताएँ पूर्ण कर भुगतान प्रस्ताव भेजें, जिससे होली से पहले फरवरी माह का वेतन प्राप्त हो सके।

3. भविष्य में वेतन भुगतान में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए एक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध वेतन भुगतान प्रक्रिया स्थायी रूप से लागू की जाए।

 

Comments are closed.