ये हैं जीवन के सच्चे मित्र, जानें CM रेखा गुप्ता ने किन्हें कहा 

मुख्यमंत्री ने किया दिल्ली पुस्तक मेला 2025 का शुभारंभ, कहा डिजिटल युग में भी किताबों से प्रेम भारत को विश्वगुरु बनाएगा

138

नई दिल्ली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान के हॉल नंबर 12 और 12A में ’29वें दिल्ली पुस्तक मेला 2025′ का उद्घाटन किया। फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स (एफआईपी) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित यह आयोजन दिल्ली सरकार के सहयोग से 6 से 10 अगस्त तक चलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया यह बहुत ही सकारात्मक संकेत है कि इस डिजिटल युग में भी युवाओं का रुझान किताबों की ओर कम नहीं हुई है। यह किताबों के प्रति प्रेम और पठन- पाठन की शैली भारत को विश्वगुरु बनाएगा।

कार्यकम में उपस्थित कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने भी साहित्य और शिक्षा की उपयोगिता एवं प्रासंगिकता बताते हुए कहा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अगुआई में दिल्ली सरकार दिल्ली को साहित्य एवं कला की राजधानी बनाने का नेतृत्व कर रही है। इस पुस्तक मेले के साथ 25वां स्टेशनरी फेयर और 9वां ऑफिस ऑटोमेशन एवं कॉर्पोरेट गिफ्ट फेयर भी जोड़ा गया है, जिससे यह मेला न केवल साहित्यिक, बल्कि शैक्षिक, व्यापारिक और रचनात्मक संवाद का भी केंद्र बन गया है।

रेखा गुप्ता ने अपने उद्बोधन में पुस्तक मेले को एक भावनात्मक यात्रा बताया। उन्होंने कहा किताबें जीवन की सबसे सच्ची और निःस्वार्थ मित्र हैं, जो न अपेक्षा करती हैं, न शर्त रखती हैं, केवल साथ निभाती हैं। यह मेला उस मित्रता का उत्सव है। उन्होंने कहा किताबें केवल पन्ने नहीं बल्कि पीढ़ियों को दिशा देने वाले पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने दिल्ली बुक फेयर को न केवल एक वार्षिक आयोजन, बल्कि पीढ़ियों की स्मृतियों से जुड़ा एक “सांस्कृतिक संस्कार” बताया। मुख्यमंत्री ने बच्चों, युवाओं और अभिभावकों को पुस्तक संस्कृति से जुड़ने का आमंत्रण दिया और आयोजकों को इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

मुख्यमंत्री ने साझा किया कि एक परियोजना के अप्रत्याशित स्वीकृति के बाद, उन्हें ‘ द अल्केमिस्ट’ पुस्तक भेंट में मिली थी। उसमें लिखी पंक्ति “जब आप किसी चीज़ को शिद्दत से चाहते हैं, तो पूरी कायनात उसे आपसे मिलाने में लग जाती है”  उनके लिए जीवन दर्शन बन गई। उन्होंने कहा हर किताब एक यात्रा है, जो हमें स्वयं से मिलवाती है। मुख्यमंत्री ने ‘गोदान’, ‘परिणीता’ जैसी कालजयी कृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि असली पाठक केवल पढ़ता नहीं, पात्रों को जीता है।

दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने पुस्तक मेले को साहित्य, संस्कृति और विचारों का महाकुंभ बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज दिल्ली को एक ऐसा नेतृत्व मिला है, जो केवल राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना से भी समृद्ध है।

मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ज्ञान आधारित समाज’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि किताबें केवल ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कार भी देती हैं और दिल्ली सरकार इस विचारधारा को आत्मसात कर चुकी है। मिश्रा ने सुझाव दिया कि आगामी वर्षों में पुस्तक मेले को एक ‘साहित्यिक महोत्सव’ का रूप दिया जाए, जिसमें कवियों, लेखकों, विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों को संवाद और रचनात्मक सहभागिता का मंच मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस वर्ष कला, संस्कृति और भाषा विभाग के लिए ऐतिहासिक बजट स्वीकृत किया है, जिसका प्रभाव दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। कार्यक्रम में आईटीपीओ चेयरमैन प्रदीप सिंह खरौला व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Comments are closed.