तड़पते हुए गई व्यापारी की जान, वाहन की टक्कर से झाड़ियों में गिरा, एक्टिवा भी दबी हुई मिली
परिजनों ने रात 2 बजे उन्हें ढूंढ निकाला, लेकिन तब तक हो चुकी थी मौत
Lucknow: जुग्गौर नहर के पास अमीनाबाद से दुकान का सामान लेकर लौट रहे कपड़ा व्यापारी शादाब (36) की एक्टिवा में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे शादाब सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरे। वह रातभर वहीं लहूलुहान हालत में पड़े रहे। इधर, परिजनों ने रात 2 बजे उन्हें ढूंढ निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय बाजार में सफिया गारमेंट के नाम से दुकान
जुग्गौर निवासी शादाब अली की स्थानीय बाजार में सफिया गारमेंट के नाम से दुकान है। मंगलवार को वह अपनी एक्टिवा से सामान खरीदने अमीनाबाद गए थे। रात 10 बजे तक जब वह घर नहीं लौटे और फोन नहीं उठाया, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार के लोग रातभर अस्पतालों और सड़कों पर उन्हें तलाशते रहे।
एक्टिवा झाड़ियों में दबी दिखी
BBD इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि देर रात करीब 2:15 बजे जुग्गौर नहर के पास उनकी एक्टिवा झाड़ियों में दबी दिखी, जिसके पास ही शादाब बेहोश पड़े थे। परिजनों ने तुरंत शादाब को लोहिया संस्थान पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, किसी तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी थी।
समय पर अस्पताल ले जाया जाता, तो बच सकती थी उनकी जान
टक्कर के कारण शादाब झाड़ियों में गिर गए और किसी को दिखाई नहीं दिए। यदि उन्हें समय पर अस्पताल ले जाया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी। शादाब का पास से मोबाइल, कैश और खरीदा गया सामान सुरक्षित मिला है, जिससे यह साफ हुआ कि यह केवल एक सड़क हादसा था। शादाब के परिवार में उनकी पत्नी साजिया और महज 13 महीने की बेटी अलीमा है।
शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपा
इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर का पता लगाया जा सके।
Comments are closed.