SUCI (कम्युनिस्ट) ने किया Donald Trump की ‘फिलिस्तीन शांति योजना’ का विरोध

2,094

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर।

सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) [एसयूसीआई(सी)] की दिल्ली राज्य समिति ने मंगलवार को जंतर-मंतर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तथाकथित ‘फिलिस्तीन शांति योजना’ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने इसे फिलिस्तीन के प्रति अन्यायपूर्ण और साम्राज्यवादी साजिश करार दिया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एसयूसीआई(सी) के दिल्ली राज्य सचिव कॉमरेड प्राण शर्मा ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने और गाजा में फिलिस्तीन पर हो रहे इजरायली हमले को समाप्त करने के नाम पर ट्रम्प की जो तथाकथित ‘शांति योजना’ पेश की गई है, वह दरअसल उपनिवेशवादी ढांचे की तरह है, जिसमें फिलिस्तीनियों को अमेरिका-इजरायल के औपनिवेशिक शासकों का स्थायी बंदी बनाकर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया फिलिस्तीन को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने और तत्काल युद्धविराम की मांग कर रही है, तब यह योजना अमेरिकी साम्राज्यवाद की असली मंशा और षड्यंत्र को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि यह तथाकथित ‘शांति योजना’ वास्तव में शांति नहीं, बल्कि फिलिस्तीन की आजादी और अस्तित्व पर हमला है। इसे तुरंत खारिज किया जाना चाहिए।

सभा को संबोधित अन्य वक्ताओं ने देश और दुनिया के शांति-प्रिय नागरिकों से अपील की कि वे अमेरिकी-इजरायली साम्राज्यवादी नीति के खिलाफ एकजुट हों और एक ‘जुझारू शांति आंदोलन’ खड़ा करें, ताकि फिलिस्तीन की स्वतंत्रता और न्याय की लड़ाई को मज़बूती मिल सके।

Comments are closed.