लखनऊ में वरिष्ठ पत्रकार को रोडवेज बस ने कुचला, साथी की मौत से फैली शोक की लहर
लोहिया पथ पर पीछे से आ रही रोडवेज बस ने मारी टक्कर
इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ:
लखनऊ में लोहिया पथ पर वरिष्ठ पत्रकार को रोडवेज बस ने कुचल दिया। गंभीर हालत में पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद रोडवेज बस चालक भाग निकला।
लोहिया पथ पर पीछे से आ रही रोडवेज बस ने मारी टक्कर
गोमतीनगर पत्रकारपुरम निवासी वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिन्हा (60) गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी से 1090 चौराहे से गोल्फ क्लब चौराहे की ओर जा रहे थे। लोहिया पथ पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस कुचलते हुए पार हो गई। लोगों ने शोर मचाया, लेकिन बस चालक रुका नहीं। पुलिस ने लहूलुहान हालत में दिलीप सिन्हा को सिविल अस्पताल पहुंचाया। उनके पास से मिले दस्तावेज की मदद से पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। खबर पाकर परिजन मौके पहुंचे।
हादसा करने वाले बस की हुई पहचान, जल्द होगा मुकदमा
ACP हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से टक्कर मारने वाली रोडवेज बस का पता लगा लिया गया है। बलरामपुर डिपो की बस है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। रोडवेज प्रशासन से बस चालक के बारे में डिटेल मांगी गई है।
राज्य मान्यता पसमिति के कार्यकारिणी सदस्य भी थे दिलीप सिन्हा
दिलीप सिन्हा उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के कार्यकारिणी सदस्य भी थे। श्री सिन्हा अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए है। वह वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय गुरुदेव नारायण के भतीजे थे।
Related Posts

Comments are closed.