इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ:
राज्यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी (AAP) के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि एक तरफ यूपी में मुसलमानों को नमाज पढ़ने से रोका जा रहा है तो दूसरी ओर ‘सौगात-ए-मोदी’ बांटी जा रही है। उन्होंने BJP पर दोहरा चरित्र होने का आरोप लगाया है।
वक्फ बिल आया तो गिरेगी मोदी सरकार
लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान संजय सिंह ने वक्फ बिल पर कहा कि मोदी सरकार अगर यह बिल लेकर आई तो सरकार गिर जाएगी। भाजपा के सहयोगी चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और जयंत चौधरी ने अल्टीमेटम दे दिया है कि अगर बिल लाया गया तो उनकी जमीन हिल जाएगी।
मांस बेचने वाले रेस्टोरेंट को भी बंद करवाये योगी सरकार
AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि यूपी में शराब की दुकानों पर मिल रही एक पर एक बोतल मुफ़्त के विरोध में कल योगी सरकार के खिलाफ सभी 70 जनपदो में पार्टी ने विरोध- प्रदर्शन किया था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अवैध बूचड़खानों को बंद करने और धार्मिक स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी करने पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ इसमें दो चीजें और जोड़ दें।
आस-पास शराब की दुकानों और ऐसे रेस्टोरेंट जहां पर मांस बिकता हो उसे भी बंद करवाया जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश में हाई- वे पर 500 मीटर के अंदर आपको मंदिर से लेकर KFC, मैक्डोनाल्ड और तमाम दुकानें देखने को मिलेंगी। शराब की दुकानें, KFC या मैक्डोनाल्ड क्यों खुले रहने चाहिए? प्रदेश सरकार उसे भी बंद करवाएं।
100 साल में आरएसएस का मुखिया कोई दलित, पिछड़ा या आदिवासी क्यों नहीं हुआ?- संजय सिंह
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरएसएस और प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए कहा कि 100 साल में आरएसएस का मुखिया कोई दलित, पिछड़ा या आदिवासी क्यों नहीं हुआ। प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस को बताना चाहिए कि 52 साल तक आरएसएस मुख्यालय पर तिरंगा क्यों नहीं फहराया गया।
RSS ने अंग्रेजों का समर्थन किया था, इसका जवाब जेपी नड्डा दें
जेपी नड्डा ने कहा था कि RSS की आवश्यकता बीजेपी को नहीं है। RSS ने अंग्रेजों का समर्थन किया था, इसका जवाब भी देना चाहिए। RSS सीमित जाति और सीमित क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। यही नहीं, श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अंग्रेज गवर्नर को पत्र क्यों लिखा था कि भारत छोड़ो आंदोलन कुचलना चाहिए। आजाद हिंद फौज का विरोध क्यों किया गया था। मोदी को 10 साल में अब आरएसएस की याद क्यों आई। लोकसभा में सीट घटने के बाद मोदी आरएसएस ऑफिस गए हैं।
दुनिया अंतरिक्ष में पहुंच तो वहीं, बीजेपी कब्र खोद रही है
संजय सिंह ने आगे कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, फारसी सभी जातियों से मिलकर 144 करोड़ लोगों से भारत बनता है। किसी एक अंग को कमजोर कर हम भारत को ताकतवर नहीं बना सकते हैं। एक तरफ दुनिया अंतरिक्ष में पहुंच रही है। वहीं, बीजेपी कब्र खोद रही है। आजाद भारत में जो भी संपत्ति है वह जनता की है। जीटी रोड, ताजमहल, लालकिला मुस्लिम शासकों ने बनवाया था, उन्हें भी तोड़ दीजिए।