RLD ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को भेजी राहत सामग्री, संगठन, पंचायत व विधानसभा चुनाव में तैयारी के लिए कार्यक्रम तय
आपदा की घड़ी में सदैव जनता के साथ खड़ा राष्ट्रीय लोकदल
Lucknow: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने पंजाब में भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से राहत सामग्री से भरे वाहनों को रवाना किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने बताया कि संगठन को मजबूत करने एवं आगामी पंचायत तथा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम तय किए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल आपदा की घड़ी में सदैव जनता के साथ खड़ा रहा है। इसी के तहत पंजाब में राहत सामग्री भेजी गई है।
चौधरी जयन्त सिंह जी ने सबसे पहले पंजाब बाढ़ आपदा में मदद का हाथ बढ़ाया

डॉ. राय ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह जी ने सबसे पहले पंजाब बाढ़ आपदा में मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने दिल्ली से किसान ट्रस्ट के माध्यम से राहत सामग्री भेजी और आर्थिक सहायता पहुंचाई। उसी क्रम में उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी योगदान कर लखनऊ से राहत सामग्री रवाना की।
पंजाब के बाढ़ पीड़ित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाने का संकल्प
पंजाब बाढ़ आपदा समिति के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि “हमारा संकल्प है कि पंजाब के बाढ़ पीड़ित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाए। रालोद परिवार का प्रत्येक कार्यकर्ता इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़ा है।” उन्होंने कहा कि यह राहत सामग्री वहां ज़मीनी स्तर पर काम कर रही समितियों तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सहयोग से एकत्र की गई राहत सामग्री
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि यह राहत सामग्री राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सहयोग से एकत्र की गई है। उन्होंने कहा कि रालोद केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी अग्रणी है।
ये कार्यक्रम तय
डॉ. रामाशीष राय ने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल द्वारा संगठन को गतिशील एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं-
1. 30 सितम्बर को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बैठक होगी, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
2. 31 अक्टूबर को सभी जिलों में संगठन की बैठक होगी तथा सरदार पटेल जयंती को एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
3. 2 से 31 अक्टूबर तक राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह का कार्यक्रम रहेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश में सात बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
4. 31 अक्टूबर को बस्ती में सरदार पटेल जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे।
5. पंचायत चुनाव की तैयारी को देखते हुए सभी जिलाध्यक्षों को 5 सदस्यीय समिति गठित कर शीघ्र ही प्रदेश मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
6. 31 अक्टूबर तक राष्ट्रीय लोकदल के सभी प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्रीय सम्मेलन संपन्न कर लेंगे।
प्रेस वार्ता में यह सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे शामिल
प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा, महासचिव रमावति तिवारी, श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, एमए आरिफ, पीके पाठक, प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, प्रदेश सचिव अफसर अली, प्रमोद शुक्ला, रामगोपाल चंदेल, सम्राट सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी आदि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे।
Comments are closed.