रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद स्टेशन का दौरा

हाई स्पीड रेल और पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

66

अहमदाबाद

रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का दौरा किया और यहां चल रहे पुनर्विकास एवं हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।

मीडिया से बातचीत में रेलमंत्री ने बताया कि देशभर में यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें अहमदाबाद स्टेशन एक प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर 16 मंज़िला आधुनिक भवन का निर्माण जारी है। सरसपुर साइड पर बुलेट ट्रेन परियोजना लगभग पूर्णता की ओर है और इसे अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के साथ इंटीग्रेटेड मोड में विकसित किया जा रहा है। वहीं मेट्रो स्टेशन का कार्य पूरा हो चुका है और यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।

रेलमंत्री ने बताया कि अहमदाबाद स्टेशन को तीन अतिरिक्त प्लेटफॉर्म मिलेंगे, जिससे ट्रेनों की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। स्टेशन के दोनों छोर—कालूपुर और सरसपुर—को आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। सभी प्लेटफॉर्म कोंकर्स रूफ प्लाज़ा से कवर किए जाएंगे और एलीवेटेड रोड, फूटओवर ब्रिज और कोंकोर्स से दोनों छोरों को जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि पहले निरीक्षण के दौरान बेसमेंट का कार्य जारी था, जबकि अब दो अंडरग्राउंड बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुके हैं तथा चौथी मंज़िल तक का स्ट्रक्चर फ्रेम बन चुका है।

अहमदाबाद और सूरत से ट्रेनों की बढ़ती मांग को देखते हुए वटवा में एक मेगा टर्मिनल विकसित किया जाएगा, जिसमें 10 पिट लाइनें होंगी। इससे करीब 45 अतिरिक्त ट्रेनों की क्षमता बढ़ेगी और अहमदाबाद से लगभग 150 ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।

स्टेशन का पुनर्विकास विरासत और आधुनिकता के संगम की अवधारणा पर आधारित है। इसका वास्तुशिल्प डिजाइन मोढेरा सूर्य मंदिर से प्रेरित है, जो सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सौंदर्य का समावेश करेगा। कालूपुर साइड स्थित आइकॉनिक एमएमटीएच टॉवर अहमदाबाद की नई पहचान बनेगा, जबकि एएसआई संरक्षित ‘झूलता मीनार’ और ‘ब्रिक्स मीनार’ को भी परियोजना में शामिल किया गया है।

यह स्टेशन बुलेट ट्रेन टर्मिनल, मेट्रो और बीआरटीएस से एलिवेटेड नेटवर्क द्वारा जुड़ा होगा, जिससे शहर में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। रेलवे ट्रैक के ऊपर 15 एकड़ का कोंकर्स प्लाज़ा और 7 एकड़ का मेजेनाइन प्लाज़ा बनाया जा रहा है, जहां यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया, फूड कोर्ट, शॉपिंग ज़ोन और अन्य सुविधाएं होंगी।

अहमदाबाद स्टेशन का यह पुनर्विकास न केवल आधुनिक अवसंरचना का प्रतीक होगा, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजते हुए अहमदाबाद को एक विश्वस्तरीय मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में स्थापित करेगा।

Comments are closed.