देशभर के कुलियों ने मांगी स्थायी नौकरी, सर्वे रिपोर्ट के लिए भी X पर चलाया अभियान

राष्ट्रीय कुली मोर्चा के आह्वान पर चलाया गया अभियान

156

Lucknow: कुलियों ने सरकार से इस बजट सत्र में 2008 की तरह ही ग्रुप डी या योग्यतानुसार समायोजन कर स्थायी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही संसद के पटल पर अपने सर्वे रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करने के लिए गुरुवार को देश भर में सोशल मीडिया X पर अभियान चलाया गया।

PM मोदी, रेलमंत्री, वित्तमंत्री व रेलवे बोर्ड को किया टैग

राष्ट्रीय कुली मोर्चा के आह्वान पर अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और रेलवे बोर्ड को टैग कर ट्वीट किया गया। राष्ट्रीय कुली मोर्चा के नेशनल कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव ने अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोर्चा के प्रयासों के बाद पूरे देश में रेल मंत्रालय ने कुलियों की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा के संबंध में सर्वे कराया था। लेकिन, यह रिपोर्ट न तो मोर्चा के पदाधिकारियों को दी गई और न ही इसे संसद के पटल पर रखा गया। ट्विटर अभियान में पुरजोर तरीके से इस बजट सत्र में सर्वे की रिपोर्ट को संसद के पटल पर रखने की मांग उठाई गई।

लगातार रेलवे के निजीकरण की नीतियों से कुलियों की आजीविका पर गंभीर संकट

उन्होंने कहा कि लगातार रेलवे के निजीकरण की नीतियों के कारण कुलियों की आजीविका पर गंभीर खतरा पैदा हुआ है। ऐसे में 2008 की तरह कुलियों को रेलवे में ग्रुप डी में योग्यतानुसार समायोजित कर उनके साथ न्याय किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में हजारों कुलियों ने इस ट्विटर अभियान में शिरकत की। लखनऊ स्थित चारबाग स्टेशन पर भी कुलियों ने बड़ा प्रदर्शन कर सामूहिक रूप से ट्विटर यानी X पर पोस्ट किया है।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू करने की मांग

अभियान में कुलियों के लिए चलाई जा रही शिक्षा, स्वास्थ्य, वर्दी, विश्रामगृह आदि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू करने और उनके का काम को निजी क्षेत्र को देने पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

इनके नेतृत्व में चला अभियान

ट्विटर अभियान का नेतृत्व अकबर अली, राघवेन्द्र प्रताप, एजाज अहमद, निहाल खान, नौशाद अहमद, दिलीप कुमार, खुर्शीद अहमद, इकबाल अहमद, मोइद अहमद, अकील अहमद, फुरकान अहमद, नामदार अली, रमेश ठाकुर, अनिल सांवले, राजू टेकम, विकास, जितेंद्र डांगी, राजकुमार यादव, शेख रहमतुल्लाह, चंदेश्वर मुखिया, रामबाबू बिलाला, राम महावर, कलीम मकरानी, संजय पासवान, सुभाष यादव, राजकृष्ण कुशवाह, दिगम्बर यादव, सुरेंद्र यादव, अरविंद यादव, चंद्रेश्वर मुखिया, दिनेश मुखिया, चंद्रपाल, उमेश शर्मा, राहुल कुमार, राज कपूर, भारत भूषण, राजकुमार, अरुण कुमार महतो, शिवराम, मूलचन्द, अमजद भाई, चंद्रू चालवाड़ी, राम जनम यादव, ओम प्रकाश खींची, इमरान अहमद ,मोहम्मद हाशिम आदि ने किया।

Comments are closed.