पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 2 लाख से अधिक बच्चों को दी गई खुराक
MLC मुकेश शर्मा ने डफरिन में तीन माह की बच्ची को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान का किया उद्घाटन
Lucknow: लखनऊ में रविवार से सघन पल्स पोलियो अभियान शुरू किया गया है। MLC मुकेश शर्मा ने वीरांगना अवंतीबाई महिला अस्पताल (डफरिन) में तीन माह की बच्ची को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। बूथ दिवस पर पहले दिन शाम तक 2,16,482 बच्चों को दवा पिलाई गई।
पोलियो का यह अभियान बहुत ही महत्वपूर्ण: MLC

इस अवसर पर MLC ने कहा कि पोलियो का यह अभियान बहुत ही महत्वपूर्ण है। एक समय था जब पोलियो देश के लिए एक गंभीर चुनौती था, लेकिन स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों, समुदाय, सहयोगी संस्थाओं तथा प्रभावी रणनीतियों के माध्यम से इसका उन्मूलन संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि यह अभियान हर वर्ष सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है और सभी की सहभागिता से ही इसे पूर्ण सफलता मिलती है।
7.03 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का लक्ष्य: CMO
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. N.B. सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जिले में शून्य से पाँच साल तक के कुल 7.03 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान 22 दिसंबर तक लगातार चलता रहेगा। पहले दिन सरकारी विद्यालयों, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर कुल 2783 बूथों के माध्यम से बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जा रही है।
रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं टैम्पो स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी ट्रांजिट बूथ
इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं टैम्पो स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी ट्रांजिट बूथ लगाए गए हैं, जिससे कि अधिक से अधिक बच्चों को एक साथ पोलियो की खुराक दी जा सके। CMO ने बताया कि 15 से 19 दिसंबर तक 2204 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी। अभियान के लिए 136 मोबाइल टीमें, 226 ट्रांजिट टीमें तथा लगभग 7,000 वैक्सीनेटरों की तैनाती की गई है। जो बच्चे 14 से 19 दिसंबर के मध्य पोलियो की खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 22 दिसंबर को मॉप-अप राउंड के माध्यम से दवा पिलाई जाएगी।
श्रमिकों, घुमंतू परिवारों के बच्चों को भी दवा पिलाना सुनिश्चित
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों, घुमंतू परिवारों एवं निर्माण कार्य में लगे परिवारों के बच्चों को भी पोलियो रोधी दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि सोते हुए बच्चे को पोलियो रोधी दवा न पिलाएं, बल्कि उसे जगाकर ही दवा पिलवाएं। साथ ही समय से नियमित टीकाकरण कराना भी आवश्यक है।
दवा पिलाने के बाद बच्चे के दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली पर स्याही का निशान अवश्य लगवाएं
उन्होंने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि बच्चे ने पोलियो रोधी खुराक का सेवन किया है, दवा पिलाने के बाद बच्चे के दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली पर स्याही का निशान अवश्य लगवाएं। स्याही का निशान न होने पर यह माना जाएगा कि बच्चे ने दवा नहीं पी है और उसे पुनः दवा पिलाई जाएगी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान ने किया।
मौके पर ये स्वास्थ्य से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नियमित टीकाकरण के महाप्रबंधक डॉ. मनोज शुक्ला, लखनऊ मण्डल के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता, डफरिन की CMS डॉ. ज्योति मल्होत्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव, चिकित्सक डॉ. सरिता, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा लाभार्थी शामिल रहे।
Comments are closed.