CM योगी की घोषणा के एक साल बाद भी नहीं बना निगम, KGMU के संविदाकर्मियों ने किया आंदोलन का ऐलान
KGMU प्रशासन ने निगम बनने के नाम पर वेतन बढ़ोतरी एवं प्रतिवर्ष होने वाली वृद्धि को भी रोका
Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के एक वर्ष बीत जाने के बावजूद अभी तक निगम नहीं बनाए जाने से KGMU (King George’s Medical University) के आउटसोर्सिंग व संविदा कर्मचारियों में आक्रोश है। उधर, KGMU प्रशासन ने निगम बनने के नाम पर वेतन बढ़ोतरी एवं प्रतिवर्ष होने वाली वृद्धि को भी रोक दिया है।
एक माह में सभी समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

KGMU की संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ की बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रितेश मल्ल ने आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि एक माह में सभी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन के लिए विवश होंगे। कहा कि उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।
KGMU के अफसरों की भी सुनते निजी एजेंसी संचालक

संस्थान परिसर के सभागार में शनिवार को आयोजित कर्मचारियों की आम सभा की बैठक को संगठन के महामंत्री मनोज ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संगठन के प्रति सहयोग की भावना तो रहती है मगर, काम करने के समय निरंकुश हो जाते हैं। निजी एजेंसियों द्वारा
बार-बार कर्मचारियों का शोषण, वेतन कटौती आदि की जाती हैं। समस्याओं के समाधान के लिए संगठन प्रयास करता रहता है, विभाग द्वारा सहयोग के बावजूद भी एजेंसी द्वारा जानबूझकर प्रताड़ित किया जाता है।
जल्द से जल्द निगम बनाने, वेतन बढ़ोतरी इंक्रीमेंट और अवकाश जैसी व्यवस्था को लागू करने का आह्वान

संगठन के सभी साथियों ने एक साथ हुंकार भरी और जल्द से जल्द निगम बनाने, वेतन बढ़ोतरी इंक्रीमेंट और अवकाश जैसी व्यवस्था को लागू करने का आह्वान किया। साथ ही चेतावनी दी कि महिला कर्मचारियों का किसी भी तरह से शोषण न हो, इसके लिए संगठन हर स्तर पर लड़ने के लिए बाध्य होगा। संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ की समस्याओं को लेकर हुई आम सभा की बैठक में हजारों कर्मचारियों ने उपस्थिति दर्ज कराकर अपनी समस्याओं को संगठन के समक्ष रखा।
आम सभा में इनकी भी रही उपस्थिति

बैठक में कार्यवाहक अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सतीश चौहान, मनोज सिंह, बसंत पाठक, विकास, आराधना, लक्ष्मी, काजल, रंजना, राहुल, शैलेन्द्र, संदीप, गीतेश, सचिन, सुनील आदि शामिल हुए।
Comments are closed.