बिहार विधानसभा चुनाव: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अकेले बिना गठबंधन के लड़ेगी बिहार में चुनाव

पटना के रवींद्र भवन में हुए पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में हुआ ऐलान, मंजूरी के इंतजार

618

New Delhi/Patna: अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अकेले अपने दम पर बिहार में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। पटना के रवींद्र भवन में बुधवार को हुए बिहार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में इसका ऐलान हुआ।

सम्मेलन में पहुंचे थे प्रदेश के सभी 38 जिलों से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

सम्मेलन में प्रदेश के सभी 38 जिलों से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी ब्रजमोहन श्रीवास्तव दिल्ली से पटना पहुंचे हुए थे। राष्ट्रीय सचिव सच्चिदानन्द सिंह ने सम्मेलन का उद्घाटन व अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सिंह और उड़ीसा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार यादव भी मौजूद थे।

सर्वसम्मति से बिना गठबंधन के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अतुल गुंजन ने किया तथा प्रदेश महामंत्री रंजन प्रियदर्शी ने आभार जताया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से बिना गठबंधन के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय महासचिव ब्रजमोहन श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रस्ताव राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार एवं कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रफुल पटेल को भेजा जाएगा।

राष्ट्रीय महासचिव ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ किया भोजन

लगभग छह घंटे तक चले इस सम्मेलन के बाद राष्ट्रीय महासचिव ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस पहल से उनमें नए जोश और ऊर्जा का संचार हुआ। सम्मेलन के उपरांत ब्रजमोहन श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार के कार्यकर्ताओं की एकजुटता और प्रतिबद्धता ही आने वाले समय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।

Comments are closed.