Najafgarh में विकास की बौछार: ₹11.5 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, इलाके को मिलेगी नई पहचान
यह विकास केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला परिवर्तन है : अमित खरखड़ी
New Delhi: दिल्ली के नजफगढ़ में विकास को नई रफ्तार देते हुए वार्ड क्षेत्र में 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का भव्य शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को जनसमर्थन और उत्साह का प्रतीक बना दिया।
सौंदर्यीकरण जैसे अहम कार्यों की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान गोपाल नगर में एमडी रोड और पीपल वाली गली के निर्माण, मित्रांऊ और झड़ौदा गांवों में गलियों व नालियों के निर्माण, पूरे वार्ड के निगम स्कूलों के सौंदर्यीकरण जैसे अहम कार्यों की शुरुआत की गई। इसके साथ ही 6 ओपन जिम, 5 पार्क, 28 हाईमास्ट लाइट, 2 टॉयलेट ब्लॉक और 800 स्ट्रीट लाइटों की स्थापना जैसे विकास कार्यों का उद्घाटन भी हुआ। ये परियोजनाएं क्षेत्र को स्वच्छ, सुविधाजनक और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
केवल कागजों तक सीमित नहीं है विकास
कार्यक्रम के आयोजक और निगम पार्षद अमित खरखड़ी ने कहा कि यह विकास केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से ही यह संभव हो पाया है। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में नजफगढ़ में पहला एसी कम्युनिटी सेंटर, नया निगम विद्यालय, सभी स्कूलों में लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 4-5 एसी हाई-टेक लाइब्रेरी, दिल्ली गेट का धरोहर के रूप में पुनर्विकास और “दिल्ली देहात संग्रहालय” जैसी परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेज़ी से हो रहा है विकास
मुख्य अतिथि सांसद कमलजीत सहरावत ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेज़ी से विकास हो रहा है और उसी सोच के साथ दिल्ली भी नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के तहत ऐसे कार्य आम जनता के जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और नजफगढ़ आने वाले समय में विकास का उदाहरण बनेगा।
नजफगढ़ को और अधिक विकसित, स्वच्छ और आधुनिक बनाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक अजीत खरखड़ी ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए नजफगढ़ को और अधिक विकसित, स्वच्छ और आधुनिक बनाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान जोन चेयरमैन सविता शर्मा, डिप्टी जोन चेयरमैन देवेन्द्र डबास, मंडल अध्यक्ष पूनम यादव और सुनील कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments are closed.