मुस्लिम युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने पकड़ा तूल, अब सड़कों पर उतरेगी अखण्ड आर्यावर्त महासभा
परिजनों पर बेटी की ऑनर किलिंग का आरोप, शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग
Lucknow: बहराइच में मुस्लिम युवती फरीन शनिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने फरीन को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है।
परिजनों पर बेटी की ऑनर किलिंग का आरोप

परिजनों पर बेटी शनिया की ऑनर किलिंग का आरोप है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा परिजनों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से त्रिदंडी महासभा में आक्रोश है।
संगठन बहराइच जिला मुख्यालय का करेगा घेराव
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने शनिवार को कुर्सी रोड स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि दीवाली के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए उनका संगठन बहराइच जिला मुख्यालय का घेराव करेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा जरूरत पड़ी तो उनका संगठन मामले में हाईकोर्ट का भी रुख करेगा।
सीएम योगी से की गई थी मांग
श्री त्रिवेदी ने बताया कि अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उत्तर प्रदेश के बहराइच में मुस्लिम परिवार पर बेटी की ऑनर किलिंग का आरोप लगाते हुए उसके शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी, ताकि इस मामले का सच सामने लाकर दोषियों को सजा दी जा सके।
आपराधिक प्रवृति के हैं ऑनर किलिंग की शिकार युवती के पिता
ऋषि त्रिवेदी ने पत्रकारों को बताया कि ऑनर किलिंग की शिकार युवती के पिता आपराधिक प्रवृति के हैं। भारत नमन पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने इस मामले में जांच कराते हुए उसकी रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने सीएम से शिकायत और DM के निर्देशों को अनदेखा कर दिया है। साथ ही इस मामले को दबाने में जुट गई है।
अपने मनपसन्द युवक से शादी करना चाहती थी युवती
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने इस प्रकरण की जानकारी देते हुये बताया कि बहराइच के मोतीनगर थानान्तर्गत ग्राम अन्डाहन पुरवा परसोहना की रहने वाली 18 वर्षीय फरीन शनिया अपने मनपसन्द युवक से शादी करना चाहती थी, जो उसके परिजनों को नागवार लग रहा था।
पिता ने परिवार के सदस्यों संग की बेटी की हत्या
इसी बीच अपराधिक प्रवृत्ति के उसके पिता कमाल खॉ ने अपने अन्य परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर बीते 23 सितम्बर की रात शनिया की हत्या कर दी थी। उसके अगले दिन 24 सितम्बर की सुबह 10 बजे से पहले ही पोस्टमार्टम के डर से पुलिस को सूचना बगैर उसके शव को गांव में ही कब्रिस्तान में दफना दिया।
संदेह पैदा करता है पूरा घटनाक्रम

श्री त्रिवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिजनों ने जिस तरह से आनन-फानन में युवती की मौत के बाद उसके शव को दफना दिया वो अपने आप में संदेह पैदा करता है कि उसकी हत्या हुई है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि युवती के शव को निकालवा कर उसका पोस्टमार्टम कराया जाये, ताकि उसकी मौत का सच सबके सामने लाया जा सके।
Comments are closed.