DTC की बसों में लग रही आग पर सचेत हुए मंत्री, जानें क्या लिया फैसला

सेफ्टी प्रोटोकॉल को मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर

205

नई दिल्ली, 24 नवंबर 2025

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर डीटीसी की एक सीएनजी और दो इलेक्ट्रिक बसों में हाल ही में हुई आग की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। बैठक में परिवहन विभाग, डीटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बस निर्माताओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

परिवहन मंत्री ने प्रारंभिक रिपोर्टों की समीक्षा के बाद स्पष्ट कहा कि यात्रियों, ड्राइवरों और स्टाफ की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आग की घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू किए जाएं।

उन्होंने सेफ्टी प्रोटोकॉल को मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी बसों की प्रिवेंटिव मेंटेनेंस जांच, सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की तकनीकी टेस्टिंग, लो-वोल्टेज वायरिंग की मजबूती, बैटरी व इन्वर्टर तापमान की नियमित जांच और रिपल करंट की रियल-टाइम मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही सभी बस डिपो में इमरजेंसी-रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन मंत्री ने कहा कि IIT दिल्ली की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को व्यापक सुरक्षा एक्शन प्लान में शामिल किया जाएगा। उन्होंने खास तौर पर 200 चार्जिंग साइकल पार कर चुकी इलेक्ट्रिक बसों की पूर्ण मेंटेनेंस जांच को अनिवार्य बताया।

इसके अलावा, जिन बस कंपनियों की बसों में आग की घटनाएं सामने आई हैं, उनकी पूरी फ्लीट का सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। ओवर-हीटिंग की समस्या से जूझ रहीं इलेक्ट्रिक बसों में लो-वोल्टेज चार्जिंग अपनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आग का जोखिम कम हो और बैटरी की आयु बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि प्रिवेंटिव मेंटेनेंस के सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन, टेलीमैटिक्स आधारित तापमान मॉनिटरिंग, तकनीशियनों का कौशल विकास और बस डिपो में फायर-हाइड्रेंट की उपलब्धता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। ईवी चार्जिंग के दौरान बसों के बीच आइसोलेशन दूरी का पालन करने के भी सख्त निर्देश दिए गए।

परिवहन मंत्री ने कहा कि डीटीसी बसों में हालिया आग की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और सुरक्षा व मेंटेनेंस के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली की सड़क पर दौड़ने वाली हर बस सुरक्षित, भरोसेमंद और आधुनिक जरूरतों के अनुरूप हो।

Comments are closed.