MCD प्राइमरी स्कूल की वेब एप का शुभारंभ
स्कूल चले हम’ अभियान और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम
नई दिल्ली,
दिल्ली नगर निगम प्राइमरी स्कूल की वेब एप का आज सिविक सेंटर में भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया और ‘स्कूल चले हम’ अभियान की शुरुआत भी की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, उप महापौर जय भगवान यादव और शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा (एडवोकेट) ने की।
इस वेब एप के माध्यम से दिल्ली नगर निगम के स्कूलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। उद्घाटन के अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि
“जब कार्य करने की इच्छा सच्ची हो, तो कोई भी कार्य असंभव नहीं रहता। आज दिल्ली नगर निगम ने यह सिद्ध कर दिखाया है। इस एप से अभिभावक अपने बच्चों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और बच्चे तकनीकी रूप से शिक्षा से जुड़ सकेंगे।”
महापौर राजा इकबाल सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि
“दिल्ली नगर निगम शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति ला रहा है और विद्यालयों में गुणवत्ता शिक्षा की दिशा में निरंतर सुधार हो रहा है।”
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि
“इस एप के निर्माण में निगम का कोई भी धन व्यय नहीं हुआ है और न ही विद्यार्थियों पर कोई आर्थिक भार पड़ेगा। अभिभावक अपने बच्चों की प्रगति रिपोर्ट देख सकेंगे और विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार सीखने की गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत सभी पार्षद और शिक्षा अधिकारी क्षेत्र में जाकर बच्चों को विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे। इस अभियान के अंतर्गत 50,000 नए छात्रों को नामांकित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर आयुक्त अश्विनी कुमार ने शिक्षा विभाग को बधाई देते हुए कहा कि
“आज निगम शिक्षा विभाग नई तकनीक के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी ने कहा कि
“यदि हम सब मिलकर बच्चों के भविष्य को संवारने का प्रयास करें, तो निश्चित रूप से देश प्रगति की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। यह एप न केवल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाएगा बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और डिजिटल साक्षरता भी विकसित करेगा। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।”
कार्यक्रम के समापन पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी गई और धन्यवाद ज्ञापन भी अमित खड़खड़ी ने किया।
Comments are closed.