चुनार रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, 4 की मौत

 नेताजी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

128

मिर्जापुर।

प्रयागराज रेल मंडल के अंतर्गत चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हावड़ा से कालका जा रही 12311 नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीन से चार श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। घायलों को जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना के समय 13309 चोपन–प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन चुनार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु यात्री गलत दिशा में उतर गए और फुटओवर ब्रिज (FOB) उपलब्ध होने के बावजूद मुख्य लाइन (Main Line No. 03) से पटरी पार कर रहे थे। उसी समय नेताजी एक्सप्रेस वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।

ये सभी यात्री कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए मिर्जापुर आए थे। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सुरक्षा के लिए हमेशा निर्धारित मार्ग या फुटओवर ब्रिज का ही प्रयोग करें। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Comments are closed.