Lucknow: रस्तोगी स्वास्थ्य केन्द्र के शिविर में 57 लोगों ने किया रक्तदान
अब हर तिमाही लगेगा रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों को मिलेगा ब्लड- हरी जीवन
Lucknow: खालाबाजार स्थित रस्तोगी स्वास्थ्य केन्द्र पर गुरुवार को शिविर में समाज से जुड़े 57 लोगों ने रक्तदान किया। लखनऊ हरिश्चन्द्र वंशीय समाज की ओर से यह रक्तदान शिविर लगाया गया था। इसके लिए KGMU की टीम पहुंची, जिसमें कुल 75 लोगों ने पंजीकरण कराया था हालांकि, स्वास्थ्य कारणों के चलते 18 लोग अनफिट हो गये थे।
आशा से बढ़कर सफल साबित हुआ रक्तदान: हरी जीवन रस्तोगी
समाज के संरक्षक हरी जीवन रस्तोगी ने बताया कि पहली बार आयोजित यह रक्तदान शिविर आशा से बढ़कर सफल साबित हुआ है। अब हर तिमाही रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। डोनर कार्ड से जरूरतमंदों की मदद की जाएगी। शिविर का उद्घाटन KGMU के रेस्पिरेटिरी विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्याकांत एवं अखिल भारतीय हरिश्चन्द्र वंशीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रस्तोगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया था।
रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं: डॉ. सूर्यकांत
इस अवसर पर डॉ. सूर्यकांत ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। रक्तदान करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की हानि या कमजोरी नहीं आती है, इसकी प्रतिपूर्ति एक सप्ताह में हो भी जाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रस्तोगी ने कहा कि लखनऊ हरिश्चन्द्र वंशीय समाज ने कई उल्लेखनीय कार्य कर पदचिह्न बनाए हैं। अब इसी क्रम में रक्तदान जैसे कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। समाज हित में यह सबसे बड़े पुण्य का कार्य है। समाज के हर वर्ग के लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
65 वर्षीय डॉ. मनोज 85 वीं बार रक्तदान कर बनें प्रेरणास्रोत
उन्होंने कहा कि शिविर में खासतौर पर 65 वर्षीय डॉ. मनोज रस्तोगी 85 वीं बार रक्तदान कर लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। शिविर में उपाध्यक्ष ब्रजेश रस्तोगी, महामंत्री प्रदीप रस्तोगी, हरिश्चन्द्र दर्पण समिति के अध्यक्ष गिरीश रस्तोगी, स्टार्टअप समिति के अध्यक्ष सुधांशु, मंत्री आशुतोष, सुहासिनी की उपाध्यक्ष सीमा रस्तोगी ने सहयोग किया।
Comments are closed.