Lucknow: कांशीराम जी के विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक-अनिल दुबे
RLD के प्रदेश कार्यालय में मनाया गया बहुजन कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस
Lucknow: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को बहुजन समाज के महान नायक कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
कांशीराम जी ने भारतीय राजनीति को दी नई दिशा
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि कांशीराम जी ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने समाज के उस वर्ग को राजनीतिक चेतना दी, जिसे लंबे समय तक अधिकारों से वंचित रखा गया था। उनका पूरा जीवन सामाजिक समरसता, समानता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जाति, धर्म और संप्रदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर एक ऐसे भारत की परिकल्पना की जहाँ हर नागरिक को समान अवसर मिले।
कांशीराम जी के विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक

श्री दुबे ने आगे कहा कि आज के दौर में कांशीराम जी के विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं। जब समाज में विषमता और भेदभाव बढ़ रहा है, तब हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा। राष्ट्रीय लोकदल सदैव किसानों, मजदूरों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है, यही कांशीराम जी की विचारधारा का भी सार है।
RLD कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाते रहेगा
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि कांशीराम जी ने जिस सामाजिक एकता और समानता का संदेश दिया, वही आज के भारत की सबसे बड़ी आवश्यकता है। राष्ट्रीय लोकदल उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ग की आवाज़ को मज़बूती से उठाता रहेगा।
कांशीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प
इस अवसर पर सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कांशीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह सभी लोग रहे मौजूद
क्षेत्रीय अध्यक्ष पी के पाठक, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी, शिव यज्ञ पाण्डेय, प्रदीप कुमार पाण्डेय, मनोहर मौर्य, विश्वनाथ यादव, आदित्य, विशाल, आदि शामिल रहे।
Comments are closed.