Lucknow: गृह जनपद में होगी नर्सों की तैनाती, तैयार हो रहा प्रस्ताव-ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ने राजकीय नर्सेस संघ के 18वें द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन को किया संबोधित
Lucknow: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि नर्सों की गृह जनपद में तैनाती का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। नर्सेज की इस मांग को जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे। ब्रजेश पाठक शनिवार को गांधी भवन में राजकीय नर्सेस संघ के 18वें द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन को सम्बोधित कर रहे थे। इस अधिवेशन में लगातार 14 वीं बार अशोक कुमार को निर्विरोध महामंत्री पद के लिए चुना गया।
मरीजों की जिंदगी बचाने में नर्सों की भी अहम भूमिका

डिप्टी सीएम ने कहा कि मरीजों की जिंदगी बचाने में डॉक्टरों की तरह नर्सों की भूमिका भी अहम है। डॉक्टरों से ज्यादा नर्स मरीज की निगरानी करती हैं। उन्हें दवा देने से लेकर ड्रेसिंग तक करती हैं। आईसीयू-वेंटिलेटर के मरीजों की सेवा में नर्सें 24 घंटे जुटी रहती हैं। आपकी मेहनत से ही विभाग आगे बढ़ रहा है।
मरीजों को भगवान मानकर करें उनकी सेवा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मरीज आपकी सेवा से ही ठीक होते हैं। मरीजों को भगवान मानकर उनकी सेवा करें। नर्सिंग सेवा का पेशा है। इसकी गरिमा बनाए रखें। मेहनत और लगन से मरीजों की सेवा करें। अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने कहा कि तनख्वाह भरण पोषण के लिए है। वेतन को और बेहतर करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। यदि आपको अपने संस्थान या उच्च अधिकारियों से कोई समस्या है तो हमारे पास आ सकते हैं। समस्याओं का समाधान होगा।
लंबे समय से हो रही है नर्सों के गृह जनपद में तैनाती की मांग

डिप्टी सीएम ने कहा कि नर्सेस संघ लंबे समय से नर्सों के गृह जनपद में तैनाती की मांग कर रहा है। सरकार इस मांग को लेकर काफी गंभीर है। इस संबंध में महानिदेशक को निर्देश दिए गए हैं, वे इस संबंध प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। सरकार द्वारा मांग को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे नर्सेंज को काम करने में आसानी होगी। काम की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 से पूर्व महानिदेशालय व अस्पतालों में रिक्त उच्च पदों को पदोन्नति से भरे जाएंगे। इसके अलावा अन्य भत्तों का लाभ दिलाने का प्रयास भी सरकार करेगी।
काम के मुकाबले वेतन व भत्ते काफी कम-अशोक कुमार

इस दौरान संघ के महासचिव अशोक कुमार ने कहा कि नर्सें पूरी मेहनत से काम कर रही हैं। मरीजों की सेवा कर रही हैं। लेकिन उन्हें काम के मुकाबले वेतन व भत्ते काफी कम हैं। सरकार पुरानी पेंशन बहाल करें। खाली पदों को भरे। नए अस्पतालों में बेड के हिसाब से पदों का सृजन करें। ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने में मदद मिले। बेरोजगार नर्सों को रोजगार मिल सकेगा। इस दौरान नर्सिंग सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में यह सभी लोग रहें मौजूद
कार्यक्रम में MLC अवनीश कुमार सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रतनपाल सिंह, एडी मंडल डॉ. GP गुप्ता, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. आलोक कुमार, निदेशक नर्सिंग डॉ. सीमा श्रीवास्तव, बलरामपुर अस्पताल के MS डॉ. देवाशीष शुक्ला, राजकीय नर्सेज संघ की अध्यक्ष शर्ली भंडारी, स्वास्थ्य महासंघ के प्रवक्ता सुनील कुमार, कमल श्रीवास्तव, कपिल वर्मा, शंभु, सर्वेश पाटिल, प्रदीप गंगवार आदि मौजूद रहे।
Comments are closed.