लखनऊ: अकबरनगर से विस्थापित युवक ने फांसी लगाकर दी जान, टूटा था घर
आर्थिक तंगी व नौकरी न मिलने से परेशान था युवक
लखनऊ, संवाददाता।
महानगर के अकबर नगर से वसंत कुंज विस्थापित किए गए अजीज (24) ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार तड़के उसका फंदे से लटकता शव मिलते ही हड़कम्प मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी। महानगर में रोड के किनारे वह कपड़े की सिलाई का काम करता था। अकबर नगर ढ़हाए जाने के बाद उसका काम पूरी तरह से बंद हो गया था। घर में आय का कोई साधन नहीं रह गया था।
परिजनों के मुताबिक अजीज काम नहीं मिलने से परेशान था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार में पत्नी के अलावा उसकी छह महीने की बेटी भी है।
अजीज का शव खिड़की के जाल में दुपट्टे के सहारे लटकता देखा
भाई नजीर ने बताया कि अजीज बसंत कुंज योजना में तीसरी मंजिल पर पत्नी सनोवर एक बेटी अनाया के साथ रहते थे। शनिवार रात पति-पत्नी में पैसे को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद पत्नी बेटी के साथ कमरे के बाहर सो गई। रविवार तड़के लोगों ने अजीज का शव खिड़की के जाल में दुपट्टे के सहारे लटकता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुआ के लड़के ने दी जानकारी
अजीज के घर के सामने उसकी बुआ का लड़का सलमान रहता है। सलमान के मुताबिक वह सुबह चार बजे पानी पीने के लिए उठा। इस दौरान उसे अजीज खिड़की पर खड़ा दिखा। उसे लगा कि किसी काम के लिए वह खड़ा होगा। 7.30 बजे फिर से देखा तो अजीज वहीं खड़ा दिखा। अनहोनी की आंशका को देखते हुए उसने बाकी लोगों को सूचना दी। सभी दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो अजीज फंदे से लटकता मिला।
कुकरैल के पास नाले के पास अजीज का मकान था
Related Posts