खादी-ग्रामोद्योग उत्पादों पर 20% तक छूट

गांधी जयंती पर अमित शाह ने किया GST बचत उत्सव’ का शुभारंभ

63

नई दिल्ली

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खादी एवं ग्रामोद्योग भवन से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने खुद खादी उत्पादों की खरीदारी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ अभियान को नई ऊर्जा दी।

खादी पर 20% और ग्रामोद्योग उत्पादों पर 10% तक छूट

इस विशेष अभियान के तहत देशभर में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों पर दो चरणों में छूट दी जाएगी —

पहला चरण: 2 अक्टूबर से 5 नवंबर 2025

दूसरा चरण: 15 नवंबर से 25 नवंबर 2025

इस दौरान खादी वस्त्रों पर 20% और ग्रामोद्योग उत्पादों पर 10% तक की छूट मिलेगी।

अमित शाह का आह्वान

अमित शाह ने इस मौके पर देशवासियों से अपील की कि हर परिवार सालाना कम से कम ₹5000 की खादी अवश्य खरीदे। उन्होंने कहा,

“जब आप खादी खरीदते हैं, तो किसी के रोजगार का कारण बनते हैं और हजारों-लाखों कारीगरों के जीवन में उजियारा लाते हैं। स्वदेशी अपनाना भारत को 2047 तक दुनिया के सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने का संकल्प है।”

KVIC अध्यक्ष का वक्तव्य

KVIC अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा,

“गांधी जयंती पर गृहमंत्री जी द्वारा खादी खरीदकर दिया गया संदेश खादी जगत के लिए अकल्पनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन से प्रेरित होकर ‘मिशन खादी’ लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद पिछले 11 वर्षों से दिल्ली के खादी भवन में गांधी जयंती पर हर साल बिक्री का नया रिकॉर्ड बन रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में खादी-ग्रामोद्योग उत्पादों की कुल बिक्री 1.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गई।

पृष्ठभूमि

अमित शाह ने याद दिलाया कि 2003 में जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने खादी पुनर्जीवन का बड़ा अभियान शुरू किया था। 2014 से अब तक खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की लोकप्रियता कई गुना बढ़ी है।

Comments are closed.