जापान में चमका हरियाणा का परचम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ल्ड एक्सपो-2025 में किया हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन
भारत की 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में हरियाणा की अहम भूमिका— मुख्यमंत्री हरियाणा-जापान
ओसाका, 7 अक्तूबर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान के ओसाका में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो-2025 में हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के समग्र विकास में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब हरियाणा इस लक्ष्य में बड़ा योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत होने के बावजूद हरियाणा भारत की आर्थिक प्रगति का एक प्रमुख इंजन है। राज्य लॉजिस्टिक सुविधाओं में उत्तर भारत में पहले और पूरे देश में दूसरे स्थान पर है। दुनिया की 400 फॉर्च्यून कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में स्थित हैं।
उन्होंने बताया कि देश की सड़कों पर दौड़ने वाली हर दूसरी कार हरियाणा में बनती है, जबकि देश के 52 प्रतिशत ट्रैक्टर यहीं निर्मित होते हैं। खाद्यान्न उत्पादन में हरियाणा का दूसरा स्थान है और ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सबसे अधिक पदक जीतने वाला राज्य भी यही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्टार्टअप्स और एमएसएमई को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों के चलते निवेशकों का विश्वास राज्य की नीतियों में बढ़ा है। पिछले 11 वर्षों में 7.66 लाख सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनमें 39 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा स्टार्टअप्स के मामले में देश का 7वां सबसे बड़ा राज्य बन गया है, जहां वर्तमान में 9,500 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं। सरकार ने हाल ही में 22 स्टार्टअप्स को 1 करोड़ 14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी है और जल्द ही 2,000 करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स स्थापित किया जाएगा ताकि युवा अपने विचारों को बिना वित्तीय बाधा के आगे बढ़ा सकें।
वर्चुअल रियलिटी में दिखा हरियाणा का जीवंत स्वरूप

ओसाका एक्सपो में भारत मंडपम स्थित हरियाणा पवेलियन विदेशी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के माध्यम से हरियाणा की ग्रामीण संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, औद्योगिक विकास और आधुनिक प्रगति को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है।
जापान और अन्य देशों से आए दर्शक हरियाणा के ऐतिहासिक स्थलों का वर्चुअल अनुभव लेकर राज्य की विविधता और समृद्ध विरासत को करीब से जान रहे हैं। पवेलियन में प्रदर्शित पारंपरिक पोशाकें, हस्तशिल्प, लोकनृत्य और मिट्टी की कलाकृतियां विदेशी मेहमानों को आकर्षित कर रही हैं।
जापानी आगंतुक हरियाणा की पारंपरिक वेशभूषा पहनकर फोटो सेशन कर रहे हैं और घूमर व फाग जैसे लोकनृत्यों पर झूमते हुए हरियाणवी संस्कृति के रंगों का आनंद ले रहे हैं। पवेलियन में हर आगंतुक को ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का अनुभव कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में लिखा कि भारत मंडपम में भारत की प्रगति और संभावनाओं को इतने शानदार रूप में प्रदर्शित होते देख गर्व महसूस हो रहा है। हरियाणा इस विकसित भारत की दृष्टि में अपना पूरा योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने की शिंकानसेन बुलेट ट्रेन यात्रा

हरियाणा प्रतिनिधिमंडल ने जापान में अपने दौरे के दूसरे दिन टोक्यो से ओसाका तक शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से यात्रा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान की हाई-स्पीड ट्रेन प्रणाली संचालन, रखरखाव, सुरक्षा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत भी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड कॉरिडोर भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना होगी, जो देश के परिवहन तंत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिंकानसेन ट्रेन में यात्रा एक प्रेरणादायक अनुभव रहा और इससे हरियाणा समेत पूरे भारत की परिवहन योजनाओं में सुधार के लिए उपयोगी सीख मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने जापान की रेलवे प्रणाली से संबंधित तकनीकी नवाचार, यात्री सुरक्षा और प्रबंधन पद्धतियों का भी अध्ययन किया।
Comments are closed.