भारत हो रहा विकसित : PM MODI
PM ने किया टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास, महिलाओं-आदिवासियों के लिए नई पहल
धार,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को धार में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की और “विकसित भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने देश के सबसे बड़े PM मित्र टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास किया। लगभग 1300 एकड़ में फैले इस पार्क में 80 से अधिक यूनिट्स स्थापित होंगी और अनुमान है कि इससे करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर विशेष अभियान “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” की शुरुआत की गई। इसमें रक्तचाप, डायबिटीज, एनीमिया-टीबी, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच और मुफ्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मातृ वंदना योजना से अब तक 4.5 करोड़ गर्भवती माताएँ लाभान्वित हुई हैं। वहीं, आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनिमिया मिशन के तहत मध्यप्रदेश में 1 करोड़वां कार्ड वितरित किया गया।
उन्होंने जनता से स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आह्वान किया और कहा कि आने वाले त्योहारी मौसम में “यह स्वदेशी है” कहकर गर्व से खरीदारी करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। मुद्रा योजना, “लखपति दीदी” और बैंक-सखी जैसी योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
Comments are closed.