GM ने लखनऊ–वाराणसी रेल खंड का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों की प्रगति का भी लिया जायजा
मौके पर लखनऊ मंडल के DRM सुनील कुमार वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
Lucknow, (Mukesh Kumar): उत्तर रेलवे के GM अशोक कुमार वर्मा ने बुधवार को आज लखनऊ–वाराणसी रेल खंड का निरीक्षण किया। इस मौके पर लखनऊ मंडल के DRM सुनील कुमार वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
स्टेशनों पर अपग्रेडेशन एवं निर्माण कार्यों का किया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने उतरेटिया, मोहनलालगंज, बछरावां, रायबरेली, गौरीगंज, अमेठी और माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, भदोही, बादशाहपुर स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे अपग्रेडेशन एवं निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। GM ने इन सभी उपरोक्त स्टेशनों के परिसर, एन्ट्री और एग्जिट पॉइंट व पार्किंग एरिया को भी देखा। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम को पूरा करने के निर्देश दिए।
लखनऊ मंडल के 44 स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा अपग्रेड

अमृत भारत स्टेशन योजना भारत सरकार की एक दीर्घकालिक पहल है, जिसके अंतर्गत लखनऊ मंडल के कुल 44 स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं यात्री–हितैषी बनाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत स्टेशनों पर प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफॉर्म एवं छतों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। साथ ही, आवश्यकता अनुसार लिफ्ट, एस्केलेटर तथा मुफ्त वाई-फ़ाई जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कुछ प्रमुख स्टेशनों पर एग्जीक्यूटिव लाउंज की भी होगी व्यवस्था

यात्रियों की सुविधा हेतु बेहतर संकेत एवं सूचना प्रणाली विकसित की जा रही है तथा कुछ प्रमुख स्टेशनों पर एग्जीक्यूटिव लाउंज की भी व्यवस्था की जाएगी। ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना के तहत स्थानीय उत्पादों के प्रचार–प्रसार एवं बिक्री हेतु कियोस्क स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्टेशनों को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
अमृत भारत योजना स्थानीय संस्कृति एवं परंपरा को भी देगी बढ़ावा: GM

इस अवसर पर महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि “अमृत भारत योजना स्टेशनों को यात्रियों के लिए न केवल अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति एवं परंपरा को भी बढ़ावा देगी। हमारा प्रयास है कि यात्री जब भी स्टेशन पर आएं तो उन्हें स्वच्छता, आराम और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव हो।” यह निरीक्षण भदोही तथा बादशाहपुर स्टेशनों पर देर रात तक जारी रहा। इस दौरान सीनियर DCM कुलदीप तिवारी भी मौजूद रहे।
Comments are closed.