पूर्व महापौर स्व. राम अचल को श्रद्धांजलि देते वक्त हुई भावुक, बोलीं- लखनऊ नगर निगम ने एक होनहार साथी को खोया, कमी को पूरा करना सम्भव नहीं!
'स्वर्गीय राम अचल जी बहुत ही सज्जन और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। उनके अंदर करुणा का भाव था': संयुक्ता भाटिया
इंडिन्यूज लाइन, लखनऊ:
पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने बुधवार को आशियाना के सेक्टर-आई स्थित आवास पहुंचकर लखनऊ नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री व लेखाकार रहे स्वर्गीय राम अचल के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोकाकुल परिजनों को सांत्वना प्रदान की।
राम अचल के अंदर करुणा का भाव था
पूर्व महापौर ने शोक संदेश में कहा कि ‘स्वर्गीय राम अचल जी बहुत ही सज्जन और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। उनके अंदर करुणा का भाव था।’ पूर्व महापौर ने आगे कहा कि ‘श्रद्धेय राम अचल जी मेरे कार्यकाल के दौरान कई बार नगर निगम कर्मियों के समस्याओं और समाधान को लेकर आते थे। उन्होंने हमेशा कर्मचारी हित में कार्य किया। उन्होंने हमेशा कर्मचारियों के अंदर नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का प्रयास किया।’
श्रद्धेय राम अचल जी के आकस्मिक निधन की सूचना स्तब्ध करने वाली
इससे पहले अपने शोक संदेश में पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा था कि ‘लखनऊ नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री श्रद्धेय राम अचल जी के आकस्मिक निधन की सूचना स्तब्ध करने वाली है। मैं उनके प्रेरणादायक जीवन और उनके नेतृत्व, दृष्टि और करुणा के प्रभाव को स्मरण कर रही हूँ, जिसने न केवल मुझे बल्कि अनगिनत लोगों को गहराई से प्रभावित किया। उनका जीवन केवल व्यक्तिगत सफलता की कहानी नहीं थी, बल्कि यह एक ऐसा नेतृत्व था जिसने लखनऊ नगर निगम परिवार को एक नई दिशा प्रदान की। मैं उन्हें हृदय की गहराइयों से श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ।
राम अचल ने हमेशा कर्मचारियों के हित में कार्य किया
संयुक्ता भाटिया ने लिखा था कि ‘मुझे ध्यान में आता है, मेरे कार्यकाल के दौरान अनेकों बार वह लखनऊ नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं और उनके सामाधान को लेकर आते थे। उन्होने हमेशा कर्मचारियों के हित में कार्य किया, कर्मचारी समाज, लखनऊ नगर निगम ने एक होनहार साथी को खोया है, जिसकी कमी को पूरा करना सम्भव नहीं है।
राम अचल की सोच नवीन और क्रांतिकारी थी
पूर्व महापौर ने आगे लिखा कि’ उनकी सोच नवीन और क्रांतिकारी थी। वे कर्मचारी संघो के विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों और प्रदर्शनों को कर्मचारियों में नैतिकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का साधन भी मानते थे। उनकी अनगिनत प्रेरक बातें, सम्मेलनों और पहलों ने कर्मचारियों के मध्य शांति, समरस्ता, सामंजस्य और सार्वभौमिक उत्तरदायित्व का माध्यम बनाया।
ईश्वर राम अचल के परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें
लिखा कि ‘राम अचल दूसरों को बड़ा सोचने, निस्वार्थ भाव से कार्य करने और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से परे ‘सेवा’ करने के लिए प्रेरित किया। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे एवं उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’
पूर्व महापौर ने कहा कि ‘आपकी महान आत्मा को शत-शत नमन, आपकी यादें और आपका योगदान सदा अमर रहेगा।’
सड़क हादसे में हुई थी मौत
उन्नाव के मौरावां में शनिवार को हुए सड़क हादसे में नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री व लेखाकार आशियाना के सेक्टर-आई निवासी राम अचल घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें पीजीआई स्थित एपेक्स ट्राॅमा टू में भर्ती कराया, वहां उनकी मौत हो गई थी।
Comments are closed.