DPA लखनऊ के सदस्यों का पांच-पांच लाख का बीमा, धन उगाही के दबाव पर संगठन गंभीर

अस्पतालों में निर्धारित संख्या से कम फार्मासिस्टों की तैनाती पर भी चिंता

215

Lucknow: डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (DPA) लखनऊ शाखा के 174 सदस्यों का अगले एक साल के लिए पांच-पांच लाख रुपए का सामूहिक दुर्घटना बीमा कराया गया है। यह जानकारी संगठन के अध्यक्ष अरुण अवस्थी एवं मंत्री कपिल वर्मा ने दी। दोनों पदाधिकारी रविवार को बलरामपुर अस्पताल परिसर स्थित “विज्ञान भवन सभागार” में सदस्यों के नववर्ष-2026 की प्रथम “आम बैठक” को सम्बोधित कर रहे थे।

लेखा परीक्षण के नाम अनावश्यक दबाव बनाकर धन उगाही के कुत्सित प्रयास

Lucknow
Lucknow

इन्होंने बताया कि संघ के खर्चे से ही सभी का बीमा कराया गया है। बैठक में CMO के अधीन अस्पतालों में चिकित्सा अधीक्षक अथवा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा संवर्ग पर लेखा परीक्षण के नाम अनावश्यक दबाव बनाकर धन उगाही के कुत्सित प्रयास पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह किसी भी दशा में उचित नहीं है।

CMO का दायित्व लेकिन फार्मासिस्ट अपने खर्चे से पहुंचा रहे दवाएं

वहीं, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात संवर्ग के सदस्यों ने बताया कि नादरगंज स्थित उत्तर प्रदेश औषधि वितरण निगम से दवाओं एवं स्टेथोस्कोप, सर्जिकल मास्क, दस्ताने, थर्मामीटर, सिरिंज और पट्टियाँ आदि को प्रत्येक चिकित्सा इकाईयों तक पहुंचाने की कोई भी व्यवस्था नहीं है, इससे संबंधित साथी को अपने खुद के निजी खर्चे पर आपूर्ति सुनिश्चित करानी पड़ती है, जबकि नियामानुसार यह दायित्व लखनऊ CMO का है।

अस्पतालों में निर्धारित संख्या से कम फार्मासिस्टों की तैनाती पर भी चिंता

इसके अलावा, लखनऊ के अस्पतालों में निर्धारित संख्या से कम फार्मासिस्टों की तैनाती पर भी चिंता जताई गई। यह भी चर्चा हुई कि संख्या कम होने पर तैनात दूसरे फार्मासिस्ट पर अनावश्यक कार्य का अत्यधिक दबाव बना रहता है। साथ ही अवकाश आदि स्वीकृत कराने में भी व्यावहारिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।

पुरानी पेंशन व्यवस्था’ पर भी चर्चा

बैठक में ‘’पुरानी पेंशन व्यवस्था“ लागू कराने के प्रयास में चल रहे कर्मचारियों के आन्दोलन एवं विभिन्न कार्यक्रमों में संवर्ग किस प्रकार और सक्रिय एवं सकारात्मक रूप से भागीदारी सुनिश्चित करें, इस विषय पर भी गम्भीरता से विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष अरुण अवस्थी एवं मंत्री कपिल वर्मा ने कहा कि साथियों से किसी के द्वारा अनुचित धन उगाही के कुत्सित प्रयास का विरोध किया जाएगा एवं समस्याओं के जल्द से जल्द निस्तारण के लिए CMO से मुलाकात कर उन्हें संगठन की आपत्तियों एवं कठिनाईयों से अवगत कराया जाएगा।

मंत्री ने जताया आभार, ये सभी पदाधिकारी हुए शामिल

अन्त में मंत्री कपिल वर्मा ने बैठक के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया। इसके बाद “तहरी सहभोज” हुआ। बैठक में संघ के पूर्व महामंत्री श्रवण कुमार सचान, पूर्व कोषाध्यक्ष रजत यादव, अविनाश सिंह, पवन शर्मा, रंजीत कुमार गुप्ता, चन्द्रशेखर श्रीवास्तव, डी.एस. पाण्डेय, रजनीश पाण्डेय आदि सदस्य शामिल रहे।

Comments are closed.