JDU दिल्ली में करेगी पार्टी को मजबूत, रखा 5 लाख सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य

दिल्ली इकाई ने सर्वेश कश्यप को बनाया प्रदेश महासचिव

5,068

नई दिल्ली।

जनता दल (यूनाइटेड) दिल्ली प्रदेश कार्यालय में आज महा सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जंतर-मंतर स्थित जदयू के प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आगामी एक सप्ताह के भीतर 5 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के लिए संकल्पित किया गया।

महा सदस्यता अभियान के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े करीब 500 लोगों ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। ये सभी लोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों, सिद्धांतों और विकासवादी सोच से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए।

अभियान के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पाँच नए प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। राहुल कुमार को प्रधान महासचचिव, सर्वेश कश्यप को प्रदेश महासचिव, ब्रज किशोर को युवा विंग का प्रदेश अध्यक्ष, अनिल कुमार झा को पूर्वांचल मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष तथा दिग्विजय सिंह चौहान को आईटी सेल का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया।

इस अवसर पर जदयू दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) नीतीश कुमार की नीतियों और विचारधारा पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए पदाधिकारी संगठन को मजबूत करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महा सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और दिल्ली में जदयू को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Comments are closed.