परिषद को कर्मचारी संगठनों की लंबित मांगों पर मिला बैठक का आश्वासन
KGMU के फिजियोथेरेपिस्ट संवर्ग की पत्रावली पर शीघ्र निर्णय कराने का भी निर्देश
Lucknow: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के प्रतिनिधिमण्डल ने शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष से उनके कार्यालय में मुलाकात कर होली की बधाई दी।
संगठनों की मांगों पर बैठक आयोजित करने की मांग
परिषद के महामंत्री अतुल मिश्र ने अपर मुख्य सचिव से आग्रह किया कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के कर्मचारी संगठनों की मांगों पर बैठक आयोजित करें, क्योंकि उनकी मांगें काफी समय से लम्बित पड़ी है। निर्णय न होने से कर्मचारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
KGMU के फिजियोथेरेपिस्ट संवर्ग के पीड़ा से भी कराया अवगत
उन्होंने अपर मुख्य सचिव को बताया कि KGMU में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट संवर्ग का कैडर पुनर्गठन वर्ष 2021 में हो गया था, परन्तु किन्हीं कारणों से स्थानीय प्रशासन द्वारा उच्चस्थ पदों पर पदोन्नति कर पदस्थापित नहीं किया गया। इसके कारण काफी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। संवर्ग की पीड़ा को लेकर कुलपति से भेंट की, जिस पर उनके द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुये अनुमोदनोपरान्त पत्रावली शासन को प्रेषित कर दी है। उन्होंने अनुरोध किया कि फिजियोथेरेपिस्ट संवर्ग की पत्रावली पर शीघ्र निर्णय कराने का कष्ट करें। जिस पर अपर मुख्य सचिव ने तत्काल सचिव, चिकित्सा शिक्षा सारिका मोहन को निर्देशित किया कि पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत कर निस्तारण कराएं।
गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को पेशेंट केयर एलाउंस के संबंध में भी अनुरोध
कर्मचारी नेताओं ने KGMU में कार्यरत समूह (ख) व (ग) के गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को पेशेंट केयर एलाउंस के संबंध में भी अनुरोध किया, जिस पर सचिव को शीघ्र निस्तारित करने का निर्देशित किया। अपर मुख्य सचिव ने अगले सप्ताह बैठक करने को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि बैठक कर मांगों पर तत्काल समयबद्ध निर्णय किया जाए। कर्मचारियों को वे अपने परिवार का अंग मानते है।
ये भी वरिष्ठ पदाधिकारी भी हुए शामिल
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा, परिषद के अध्यक्ष सुरेश कुमार रावत, महामंत्री अतुल मिश्र, प्रणय सिंह मंत्री प्रोवेन्शियल फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन KGMU आदि उपस्थित थे।
Comments are closed.