लखनऊ में ठेकेदार की गला रेतकर हत्या, हिरासत में संदिग्ध मां-बेटी, पुलिस ने बनाई टीम
पुलिस की चार टीमें, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच जांच पड़ताल में जुटी
इंडिन्यूजलाइन, लखनऊ:
लखनऊ में गुडंबा के अर्जुन एनक्लेव फेज-दो में मंगलवार सुबह मौरंग-गिट्टी के ठेकेदार उमाशंकर सिंह (46) की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका शव बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेते हुए कई पहलुओं में जांच शुरु कर दी है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले रही है। इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस और फॉरेसिंक टीम लगाई गई है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर कातिलों को जेल भेजने का दावा किया गया है।
लखनऊ में किराये के मकान में रहते थे ठेकेदार
डीसीपी पूर्वी शंशाक सिंह के मुताबिक मूलरुप से सुलतानपुर जनपद के भरखरे थाना निवासी ठेकेदार उमाशंकर सिंह लखनऊ के अर्जुन एनक्लेव फेज-दो में मुहम्मद मुस्तकीन खान के मकान में किराए पर रहते थे। वह मौरंग और गिट्टी की ठेकेदारी करते थे। मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे एक परिचित महिला उनके कमरे में पहुंची। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। इस पर महिला ने दूसरी चाभी से कमरा खोल कर अंदर पहुंची तब वह चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकली। महिला का शोर सुनकर पड़ोसी भी अपने घर से बाहर निकले। जब पड़ोसी कमरे के भीतर गए तब उन्हें कमरे में पड़े बिस्तर में ठेकेदार का शव पड़ा मिला।
पुलिस को दी थी सूचना, मौके पर हुई जांच-पड़ताल
इसके बाद युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना देते हुए मकान मालिक मुहम्मद मुस्तकीन को घटना की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शक के आधार पर महिला और उसकी मां को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ कर रही है।
रुपयों के लेनदेन, अवैध संबंधों में हत्या के एंगल पर हो रही जांच
डीसीपी का कहना है कि रुपयों के लेनदेन, अवैध संबंधों में हत्या के एंगल से तफ्तीश की जा रही है। इसके साथ ही ठेकेदार के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट खंगालने के साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है। हालांकि, देररात तक हत्या के कारणों के साथ ही आरोपितों का सुराग नहीं मिल पाया है।
सपरिवार मेरे मकान में रहते थे ठेकेदार
मकान मालिक मुहम्मद मुस्तकीन ने बताया कि फरवरी 2025 से वह अपने बेटे के संग बेंगलुरु में रहते हैं। लगभग दो माह पूर्व कॉलोनी के गार्ड ने ठेकेदार को किराए पर कमरा देने के लिए फोन किया था। गार्ड ने उन्हें बताया था कि ठेकेदार उमाशंकर सज्जन आदमी है। वह सपरिवार मकान में रहना चाहते हैं। गार्ड की सिफारिश पर मुहम्मद मुस्तकीन ने ठेकेदार को किराए पर कमरा दिया था। हालांकि, वह दो महीने से अकेले रहते थे। सप्ताह भर बाद वह कमरे पर आते थे।
Related Posts

Comments are closed.