लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता की मौत, अजय राय बोले- ‘यह मौत नहीं हत्या है’
मौत की जानकारी मिलते ही ब्रजेश पाठक पहुंचे थे सिविल अस्पताल
Indinewsline, Lucknow:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय (29) की मौत हो गई। कांग्रेस ने पुलिस की धक्का- मुक्की और नोकझोंक को इस घटना का जिम्मेदार बताया है। घटना की जानकारी मिलने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस की धक्कामुक्की से प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी हुए थे बेहोश
![]()
इससे पहले पुलिस की धक्कामुक्की के कारण प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी बेहोश हो गए थे। सिविल अस्पताल पहुंचे अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता की मौत नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है। कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान वह बेहोश हो गया था। इसके बाद उसे कांग्रेस कार्यालय लाया गया। यहां अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया है।
उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभात के परिवार को 1 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी।
प्रदर्शन के दौरान मेरा गला दबाया गया- अजय राय, एनएसयूआई कार्यकर्ता को भी लगी चोट
![]()
अजय राय ने सिविल में पत्रकारों से कहा कि प्रदर्शन के दौरान हमारा गला दबाया गया। हम खुद बेहोश हो गए थे। हमें जूते से मारा गया। पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी तरीके से अत्याचार, अन्याय और जुल्म किया गया। उसी में हमारे कार्यकर्ता की मौत हो गई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने का भी आरोप लगाया। कहा कि लाठीचार्ज में एनएसयूआई कार्यकर्ता अदनान जाफरी को भी गंभीर चोटें आयी हैं। वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस द्वारा नकली बैरिकेंडिंग लगाया गया था। जिसका हम पहले से ही विरोध कर रहे थे।
बैरिकेडिंग हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या करने के लिए लगाया गया था
अजय राय ने कहा कि इस बैरिकेडिंग से हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या करने के लिए लगाया गया था। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की मौत के लिए सरकार जिम्मेदार है। यह हमारे कार्यकर्ता की हत्या है। युवा नेता की मौत पर कांग्रेस ने पुलिस के बल प्रयोग और नुकीले बैरिकेड्स को कारण बताया है। कांग्रेस ने कहा कि आज विधानसभा घेराव करने जा रहे कांग्रेसजनों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किये जा रहे धक्का-मुक्की व बल प्रयोग से गोरखपुर में सहजनवा के देईपार गांव निवासी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेय की मौत हो गई है। इस घटना से पूरा कांग्रेस परिवार आहत और आक्रोशित है।
हजारों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता विधानसभा को घेरने के इरादे से कार्यालय मुख्यालय पर हुए थे एकत्र
कांग्रेस ने जन सरोकार के मुद्दों पर योगी सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में हजारों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बुधवार को विधानसभा को घेरने के इरादे से कार्यालय मुख्यालय पर एकत्र हुए थे। पुलिस के सख्त पहरे के चलते उनका अभियान पार्टी दफ्तर से चंद कदम दूर तक ही चल सका।
पुलिस की नोकझोंक, कई कार्यकर्ता और नेता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढऩे के कारण हुए चोटिल
इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की नोकझोंक होती रही। कई कार्यकर्ता और नेता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढऩे के कारण चोटिल भी हुए। पुलिस से बहस और विवाद के बीच अजय राय भी एक बार बेहोश हुए। कार्यकर्ताओं ने पानी का छींटा मारा तब उन्हें होश आया।
Related Posts