राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने की ‘वात्सल्य’ के कार्यों की सराहना

आईएमए बिल्डिंग के हाल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

4,646

Lucknow: लखनऊ में रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए बिल्डिंग के हाल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य किशोरियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों पर संवाद एवं जागरूकता को बढ़ावा देना था।

कार्यशाला में शामिल हुईं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह

सुगंधा परियोजना के अंतर्गत “बाधाओं से घिरे, बाधाओं से परे– कैसे हों स्वस्थ, शिक्षित एवं कुशल किशोरियाँ” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं की सामाजिक स्थिति में समय के साथ आए सकारात्मक बदलावों पर विचार साझा किए। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

वात्सल्य संस्था के सुगंधा परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना

बबीता सिंह ने वात्सल्य संस्था द्वारा सुगंधा परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के आरंभ वात्सल्य की मुख्य कार्यकारी डॉ. नीलम सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही कार्यशाला के विषय की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर सुगंधा परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की एक झलक फोटो गैलरी वॉक के माध्यम से मुख्य अतिथि को प्रदर्शित की गई।

किशोरी शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं सुरक्षा विषय पर पैनल डिस्कशन

कार्यक्रम के अगले सत्र में किशोरी शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं सुरक्षा विषय पर आधारित पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता कुमार ने की। पैनल चर्चा में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

बालिका शिक्षा में आने वाली प्रमुख चुनौतियों एवं उनसे उबरने की रणनीतियों पर चर्चा

डॉ. नीलम सिंह ने बालिका शिक्षा में आने वाली प्रमुख चुनौतियों एवं उनसे उबरने की रणनीतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी। महिला विकास एवं बाल कल्याण विभाग से वर्तिका शुक्ला ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी।

किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर चर्चा

लखनऊ के आरबीएसके नोडल डॉ. ए. के. श्रीवास्तव ने किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए संतुलित आहार के महत्व पर विशेष जोर दिया। आईएमए सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने किशोरियों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में आईएमए की भूमिका एवं भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. गौरव द्वारा आरबीएसके टीम के माध्यम से जटिल बीमारियों में उपलब्ध निःशुल्क उपचार सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।

मैजिक शो के माध्यम से बालिका शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान मैजिक शो के माध्यम से बालिका शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही प्रतिभागियों ने बालिका शिक्षा, डिजिटल शिक्षा एवं बाल विवाह जैसे विषयों पर अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में राजलक्ष्मी कक्कड़ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यशाला में विभिन्न सामाजिक संगठनों, विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं समुदाय के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

Comments are closed.