लखनऊ में संचारी रोगों के प्रशिक्षण में बोले CMO- डेंगू, मलेरिया आदि के नियंत्रण में समुदाय की भागीदारी भी बहुत जरूरी

सरकारी व निजी अस्पतालों में और बेहतर मिलेगा इलाज

253

इंडिन्यूजलाइन, लखनऊ:
लखनऊ के CMO डॉ. N.B. सिंह ने कहा है कि किसी भी बीमारी के प्रबंधन और इलाज में निजी एवं सरकारी दोनों ही चिकित्सकों की भूमिका अहम है। डेंगू, मलेरिया एवं चिकुनगुनिया जैसी बीमारियां, जिनके सही प्रबंधन और इलाज से किसी भी अनहोनी घटना को होने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आस-पास के 15 जिलों से लोग सरकारी और निजी दोनों ही अस्पतालों में इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में इलाज के प्रोटोकॉल पर दिया गया यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

निजी क्षेत्र के चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों को डेंगू, चिकुनगुनिया व मलेरिया मरीजों के उपचार व प्रबन्धन को लेकर किया गया प्रशिक्षित

CMO शनिवार को एक होटल में संचारी रोगों पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान तथा गोदरेज कन्ज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड (G.C.P.L.) के वित्तीय सहयोग से संचालित तकनीकी सहयोगी संस्था पाथ- CHRI के सहयोग से यह आयोजित हुआ था। जिसमें निजी क्षेत्र के चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों को डेंगू, चिकुनगुनिया व मलेरिया मरीजों के उपचार व प्रबन्धन को लेकर प्रशिक्षित किया गया। CMO डॉ. N.B. सिंह ने आगे कहा कि इन बीमारियों के नियंत्रण पर समुदाय की भागीदारी भी बहुत जरूरी है।

प्रशिक्षण के बाद सरकारी व निजी अस्पतालों में
और बेहतर मिलेगा इलाज
वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. गोपी लाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद सरकारी और निजी दोनों ही चिकित्सालयों में डेंगू और चिकनगुनिया के इलाज के नवीन प्रोटोकॉल के लागू होने के बाद रोगियों को और बेहतर और एक समान इलाज मिल सकेगा।

सभी बुखार के मरीज तत्काल कराएं मलेरिया की जांच
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रितु श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी बुखार के मरीजों का तुरंत मलेरिया जांच किया जाना चाहिए और जो पॉजिटिव हों उन्हें अविलंब पूर्ण आमूल उपचार दिया जाना चाहिए ताकि मलेरिया रोग के संचरण की श्रंखला को तोडा जा सके।

बुखार से ग्रस्त रोगियों की त्वरित मलेरिया की हो जांच
राज्य स्तर से पाथ-सी.एच.आर.आई. से वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी मलेरिया डॉ. अमृत शुक्ला ने बुखार से ग्रस्त रोगियों की त्वरित मलेरिया की जांच व धनात्मक पाए जाने पर तत्काल पूर्ण आमूल उपचार प्रदान करने को कहा। साथ ही यह भी बताया की समस्त जाँचे गए रोगियों की दैनिक सूचना यूडीएसपी पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड भी की जाए।

सभी के प्रयास से ही बीमारियों पर पाया जा सकता है काबू

पाथ-सी.एच.आर.आई. के जिला समन्वयक आशीष कुमार वर्मा ने कहा इन बीमारियों पर संयुक्त प्रयासों के माध्यम से ही काबू पाया जा सकता है। जिला मलेरिया अधिकारी और डिप्टी सीएमओ डॉ. रवि पाण्डेय ने अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का धन्यवाद किया।

KGMU व लोहिया संस्थान के विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
भारत सरकार द्वारा जारी डेंगू, चिकुनगुनिया क्लिनिकल मैनेजमेंट गाइडलाइन्स 2023 एवं मलेरिया ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल 2013 पर प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षक के रूप में KGMU से एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अम्बुज यादव और राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निखिल गुप्ता ने जनपद के निजी अस्पतालों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक, फिजीशियन एवं इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसरों को प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण में यह सभी हुए शामिल
प्रशिक्षण में पाथ से एन.टी.डी. लीड डॉ. शोएब अनवर, पाथ-सी.एच.आर.आई. से डॉ. शिवानी सिंह, सीनियर टेक्निकल अधिकारी डेंगू एवं चिकुनगुनिया, राहुल कुमार, स्टेट एम. एण्ड ई. सहित 90 चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।

Comments are closed.