बिलासपुर रेल हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा: अब तक 11 की मौत, 20 घायल
रेल प्रशासन ने राहत कार्य तेज किए
बिलासपुर, 5 नवंबर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्टेशन के समीप मंगलवार (4 नवंबर) को हुई मालगाड़ी और मेमू लोकल के डिरेलमेंट की दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन ने जानकारी दी है कि हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए गए थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
घटना के प्रारंभिक चरण में 6 लोगों की मौत और 5 घायल होने की पुष्टि हुई थी, लेकिन रातभर चले राहत कार्य के बाद बुधवार सुबह तक मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेल प्रशासन ने सभी घायलों को ₹50,000 की त्वरित अनुग्रह सहायता राशि अग्रिम रूप में प्रदान की है। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख, तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
घायलों की सूची में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
मथुरा भास्कर (55), चौरा भास्कर (50), शत्रुघ्न (50), गीता देबनाथ (30), मेहनिश खान (19), संजू विश्वकर्मा (35), सोनी यादव (25), संतोष हंसराज (60), रश्मि राज (34), ऋषि यादव (2 वर्ष), तुलाराम अग्रवाल (60) सहित अन्य।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार घटनास्थल और अस्पतालों से संपर्क में हैं। सभी घायलों को समुचित चिकित्सा, परिवहन एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस हादसे की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा कराई जाएगी ताकि घटना के कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
रेल प्रशासन ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Comments are closed.